April 17, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया की घोषणा, शमी की हुई वापसी, ये हुए बाहर

नईदिल्ली: इसी महीने 22 जनवरी से शुरू होने वाली इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। जिसमे लंबे समय से चोटिल अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करने वाले हैं। नवंबर 2023 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद से चोटिल चल रहे शमी अब इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज में खेलते नजर आएंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारतीय टीम की घोषणा कर दी। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की 14 महीने बाद वापसी हुई है।

शमी वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल के बाद से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। टूर्नामेंट के दौरान वह चोटिल हो गए थे जिसके बाद उनकी साल 2024 की शुरुआत में टखने की सर्जरी हुई थी। इसके बाद उन्होंने घरेलू क्रिकेट में वापसी की। बीच में खबर आई थी कि तेज गेंदबाज बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के जरिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे। हालांकि, फिटनेस संबंधी कारणों से ऐसा संभव नहीं हो सका।

अब शमी को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए 15 सदस्यीय स्क्वॉड का हिस्सा बनाया गया है। चैंपियंस ट्रॉफी से पहले 34 वर्षीय गेंदबाज की टीम में वापसी हुई है। ऐसे में चयनकर्ताओं की नजरें उनके प्रदर्शन और फॉर्म पर होंगी। भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज के अलावा तीन मैचों की वनडे सीरीज भी खेली जाएगी, जिसके लिए अब तक बीसीसीआई ने भारतीय टीम का एलान नहीं किया है।

इंग्लैंड के खिलाफ सूर्यकुमार यादव ही टीम का नेतृत्व करते नजर आएंगे, जबकि अक्षर पटेल उपकप्तानी का जिम्मा संभालते दिखेंगे। इसके अलावा टीम में दो विकेटकीपर बल्लेबाजों को शामिल किया गया है। इनमें संजू सैमसन और ध्रुव जुरेल शामिल हैं। टीम में ज्यादातर उन खिलाड़ियों को मौका मिला है जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका दौरे पर भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।

जितेश शर्मा की जगह ध्रुव जुरेल की टीम में एंट्री हुई है। स्टार ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को भी रमनदीप सिंह की जगह शामिल किया गया है। युवा बल्लेबाज ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर दमदार प्रदर्शन किया था। हालांकि, वह दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टीम का हिस्सा नहीं बन पाए थे। इसके अलावा वाशिंगटन सुंदर और हर्षित राणा भी टी20 सीरीज में खेलते नजर आएंगे। ये दोनों गेंदबाज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में खेलते नजर आए थे। हैरानी की बात यह है कि इस टीम में शिवम दुबे और रियान पराग को मौका नहीं मिला है। वहीं, ऋषभ पंत और जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है।

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारत की टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल (उपकप्तान), हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद शमी , वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, वाशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)

Share to...