उत्तरप्रदेश: उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए भीषण आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पेड़ गिरने, दीवार ढहने, बिजली गिरने और टीन शेड उड़ने जैसी घटनाओं में अब तक 74 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। मृतकों का आंकड़ा बढ़ भी सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के 38 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम और दक्षिण राजस्थान से आ रही पूरवा हवाओं के प्रभाव से प्रदेश में कई स्थानों पर 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। बुधवार दोपहर बाद शुरू हुआ यह मौसम का बदलाव शाम तक बड़े तूफान में बदल गया।
दोपहर ढाई बजे के आसपास उन्नाव और प्रयागराज में भारी बारिश के साथ ओले पड़े। कई जगहों पर तेज हवाओं ने तबाही मचाई। पेड़ उखड़ गए, टीन शेड उड़ गए और साइन बोर्ड गिर पड़े। उन्नाव में एक बड़ा पेड़ सड़क पर खड़ी कार पर गिर गया। प्रयागराज, जौनपुर, प्रतापगढ़ और बांदा में आंधी की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। बरेली और बदायूं में तेज हवाओं के कारण कई साइन बोर्ड और यूनिपोल गिर गए।
आंधी-तूफान और बारिश से यूपी के कई जिलों में जनहानि भी हुई। भदोही में 10, प्रयागराज में 17, फतेहपुर में 8, उन्नाव में 7, बदायूं में 6, बरेली में 4, सीतापुर में 2 और रायबरेली में 1 मौत दर्ज की गई। इसके अलावा हरदोई, झांसी, कानपुर देहात, संभल, प्रतापगढ़ और अन्य जिलों में भी लोगों की जान गई। अब तक कुल 63 लोगों की मौत की पुष्टी हुई है। वहीं प्रयागराज जिले में कुल 17 लोगों की मौत हुई है। सदर तहसील में एक, हंडिया में 7, फूलपुर में 4, सोरांव में 3 और मेजा में 2 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में पांच महिलाएं, चार बच्चे और आठ पुरुष शामिल हैं। मृतकों के अलावा पांच अन्य लोग घायल हुए हैं। कुल 20 पशु हानि और 16 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।
उन्नाव जिले में तेज आंधी और बारिश के दौरान अलग-अलग घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गई। दही थाना क्षेत्र में आम का पेड़ गिरने से 70 वर्षीय किसान राम आश्रय की मौत हो गई। वहीं आसीवन थाना क्षेत्र में यूकेलिप्टस का पेड़ गिरने से 9 वर्षीय अंश की जान चली गई। दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
तेज तूफान के कारण सैकड़ों पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। कई जिलों में बिजली आपूर्ति बाधित रही और सड़क मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ। कुछ स्थानों पर कारों और मकानों को भी नुकसान पहुंचा।
मौसम विभाग ने लखनऊ, उन्नाव, सीतापुर, प्रयागराज, जौनपुर, प्रतापगढ़, बांदा समेत 38 जिलों में अगले कुछ घंटों के लिए भारी बारिश, बिजली गिरने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले एक-दो दिन मौसम बदला रहेगा। इसके बाद 15 मई से तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है और कई जिलों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने सभी प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने, घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

More Stories
वीडी सतिशन होंगे केरलम के नए मुख्यमंत्री, कांग्रेस ने की घोषणा
कालिदास संस्कृत अकादमी द्वारा ग्रीष्मकालीन कला प्रशिक्षण शिविर 15 मई से होगा आयोजित
सरकार ने चीनी निर्यात पर लगाई रोक, नोटिफिकेशन किया जारी, जानें आखिर क्यों उठाया यह कदम?