भोपाल। दसवीं क्लास में पहली बार वैराग्य का भाव उठा, इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की, पहली नौकरी तक भी पहुंच गए, लेकिन आठ दिन बाद ही इस्तीफा दे दिया। भंवर से निकलने का भाव भौतिक दुनिया से बाहर ले आया। एक कामयाब इंजीनियर के निरग्रंथ सागर महाराज बन जाने की कहानी यहीं से शुरू होती है। वहीं, दूसरी ओर लग्जरी लाइफ और विदेश में वैकेशंस वाली जिंदगी पर अचानक ब्रेक लगाने वाले सुदृड़ सागर महाराज की कहानी भी कुछ ऐसी ही है, जो लग्जरी लाइफ छोड़कर त्याग और तप के रास्ते पर निकल गए। भोपाल के दिगम्बर जैन मंदिर विद्योदय तीर्थ में इन दिनों ऐसे संतों का समागम हो रहा है, जो हाई एजुकेशन, बड़ी नौकरियां और लग्जरी लाइफ छोड़कर मुनि बन चुके हैं।
🎓 हाई एजुकेशन, लग्जरी लाइफ, अब वैराग्य
फर्राटेदार अंग्रेजी बोलते हुए सुदृड़ सागर महाराज कहते हैं, “मुझे लगता है मैंने यह जीवन चुनने में भी देर कर दी। मुझे अब आप लोगों के लिए लगता है कि आप भी इस दुनिया के भंवर से बाहर आ जाओ।” दरअसल, भोपाल के दिगम्बर जैन मंदिर विद्योदय तीर्थ में इन दिनों जैन आचार्य श्री समय सागर महाराज चातुर्मास कर रहे हैं। उनके संघ में यानी उनके साथ जो 19 मुनि यहां चातुर्मास में हैं, उनमें से ज्यादातर युवा हैं। और खास बात यह कि सब उच्च शिक्षा प्राप्त कर लेने के बाद अच्छी नौकरी और लग्जरी जिंदगी छोड़कर यहां आए हैं। खास बात यह है कि ये युवा जैन मुनि Gen-Z से उन्हीं के अंदाज में कनेक्ट होते हैं। इन जैन मुनियों में M.Tech से लेकर गोल्ड मेडलिस्ट भी हैं।
🧘♂️ परमानेंट सुख की तलाश में बने मुनि निरग्रंथ सागर
निरग्रंथ सागर महाराज कहते हैं कि वे 2016 में जैन मुनियों के संघ में आए, 2018 में दीक्षा ली और जैन मुनि बनकर कठिन रास्ता चुन लिया। सांसारिक जीवन में रहते हुए कैसे संयम और अनुशासन में रहा जा सकता है, इस नियम के लिए प्रेरित करते हैं। वे नए जमाने के मुनि हैं, युवा हैं, इंजीनियरिंग करने के बाद अच्छी-खासी नौकरी छोड़कर आए हैं। लिहाजा नई पीढ़ी से बहुत जल्द उन्हीं के अंदाज में कनेक्ट हो जाते हैं। निरग्रंथ सागर महाराज 3F का फार्मूला बताते हैं और कहते हैं, “फर्स्ट ट्राय, फॉरगिव फॉर फॉरएवर, इफ इट इज नॉट पॉसिबल देन (3F) फॉरगेट फॉर फॉरएवर।” वे कहते हैं, “जीवन में दुख होगा, लेकिन दुखी नहीं होना है। जैसे कंकड़ चुभते हैं तो दुख होता है, लेकिन आप दुखी होकर रुक नहीं जाते।”
अच्छी-खासी नौकरी छोड़कर यह कठिन रास्ता क्यों चुना, इसके जवाब में कहते हैं, “क्योंकि मुझे परमानेंट सुख चाहिए था। आप टेम्पेरेरी वाले सुख में हो।” निरग्रंथ महाराज पांच हजार से ज्यादा विदेशियों को मांसाहार छोड़ने का संकल्प दिला चुके हैं और डिजिटल डिटॉक्स (Digital Detox) के लिए नौजवानों को प्रेरित करते हैं।
✈️ बिजनेस किया, फॉरेन ट्रिप भी, फिर परमानंद की यात्रा
सुदृड़ सागर महाराज 23 वर्ष की उम्र में सांसारिक जीवन छोड़कर जैन मुनि बनने की राह पर निकल पड़े थे। वे कहते हैं, “मुझे तो लगता है मैं काफी लेट हो गया। यह निर्णय और पहले हो जाना था।” हालांकि, इस किनारे आने के पहले उनकी जिंदगी में तमाम लग्जरी थी। बिजनेस क्लास परिवार से ताल्लुक रखने वाले सुदृड़ सागर महाराज कॉमर्स ग्रेजुएट हैं। दोस्तों के साथ वेकेशंस पर विदेश जाया करते थे, लेकिन एक दिन फैसला किया कि यह जीवन नहीं है और कदम बढ़ा दिए।
💼 जैन मुनि बनने छोड़ी सेंट्रल की जॉब, बोले- मैं सिर्फ प्रतीक्षा में था
गहन सागर महाराज जैन मुनि बन जाने से पहले BSNL में काम करते थे। उनके जीवन में आध्यात्म, त्याग और तपस्या अचानक नहीं आई। वे कहते हैं, “मैं घर पर ही ब्रह्मचर्य और साधना व्रत में था। मैं केवल आचार्य श्री की अनुमति की प्रतीक्षा कर रहा था। साढ़े 14 वर्ष इसी तप में हो गए। मुझे जैसे ही अनुमति मिली, मैंने वह दुनिया छोड़ दी। नौकरी तो फिर बहुत ही छोटी बात थी।”
🙏 भोपाल-इंदौर में नौकरी की, आचार्य के दर्शन के साथ सब बदल गया
भोपाल-इंदौर में नौकरी की और 2016 में पहली बार आचार्य विद्यासागर महाराज के साक्षात दर्शन करने के बाद निर्लेप सागर महाराज का जीवन बदल गया। निर्लेप सागर महाराज कहते हैं, “उस अनुभूति को मैं आज भी शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकता।” 26 वर्ष की उम्र में राघौगढ़ में जन्मे निर्लेप सागर महाराज ने दीक्षा ले ली। नाम के साथ जीवन भी बदल गया। वे कहते हैं, “संघ में आना, जैन मुनि बन जाना भी इतना आसान नहीं होता। यहां भी कई चरणों की परीक्षा होती है। आचार्य श्री की परीक्षा में मैं उत्तीर्ण हूं। उनका आशीर्वाद मिला। बाहर-भीतर हर तरफ से निर्विकार होने का जीवन है यह।”
🏆 चातुर्मास कर रहे जैन मुनियों में M.Tech से लेकर गोल्ड मेडलिस्ट भी
भोपाल में आचार्य समय सागर महाराज के संघ के साथ चातुर्मास कर रहे युवा जैन मुनियों में M.Tech से लेकर MBA और एडवोकेट भी हैं। कईयों ने बड़ी सरकारी नौकरी छोड़कर या करोड़ों का कारोबार एक मिनट में त्यागकर जैन मुनि बन जाने का फैसला लिया।

More Stories
Police Investigation Updates: हादसे के बाद ट्रक चालक फरार, एक संदिग्ध हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
Divorce Maintenance Income Proof Updates: कोर्ट व कानून अपडेट: आय छिपाने की प्रवृत्ति पर सख्ती, बैंक रिकॉर्ड व दस्तावेजों पर जोर
SDM Pawan Bariya Updates: कम मुआवजा व बिना समय दिए तोड़फोड़ के आरोप, एसडीएम ने बताया कार्रवाई का कारण