April 28, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

रिटायर्ड स्वास्थ्य कर्मचारी को कमरे में बंद कर चोरी, चांदी के जेवर और 50 हजार नकद ले उड़े चोर

रायसेन: शहर की वीआईपी कॉलोनी वार्ड क्रमांक-4 में बीती रात चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक सेवानिवृत्त स्वास्थ्य कर्मचारी को उसके कमरे में बाहर से बंद कर दिया और दूसरे कमरे से चांदी के जेवरात व करीब 50 हजार रुपए नकद चोरी कर फरार हो गए।

एसडीओपी रायसेन नीलम चौधरी से प्राप्त जानकारी अनुसार सेवानिवृत्त कर्मचारी मुलायम सिंह नोरिया के घर चोरों ने पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ा। इसके बाद अंदर के गेट और सेंट्रल लॉक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। चोर सीढ़ियों के रास्ते ऊपर पहुंचे और अलमारी में रखे चांदी के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए।

सुबह जब मुलायम सिंह नोरिया की नींद खुली और उन्होंने कमरे से बाहर निकलने की कोशिश की तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। उन्होंने तत्काल अपनी पत्नी को फोन कर जानकारी दी।जो उस समय नाइट ड्यूटी पर थीं। पत्नी के घर पहुंचकर दरवाजा खोलने पर चोरी की घटना का खुलासा हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश की जा रही है।

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उनके दो मकान हैं। एक में वे स्वयं रहते हैं, जबकि पास वाले मकान में उनकी बेटी रहती है। घटना के समय घर में सन्नाटा था, जिसका फायदा चोरों ने उठाया। चोरी के बाद परिवार सकते और दहशत में हैं वही पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की गई हैं।

Share to...