April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

भीषण गर्मी से हलाकान हो रहे लोगो के लिए राहत भरी खबर, कब होगी मानसून की इंट्री, मौसम विभाग ने बताई तारीखें

नईदिल्ली: इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी से लोग हलाकान हैं। तपती गर्मी से परेशान लोगो के लिए थोड़ी अच्छी खबर है। दरअसल, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर, यूपी और बिहार, मप्र सहित अन्य राज्यो में मॉनसून को लेकर कई भविष्यवाणी की है।

मौसम विभाग की मानें तो मॉनसून अंडमान निकोबार तक पहुंच चुका है। 31 मई या पहली जून को मॉनसून केरल में दाखिल हो सकता है। आईएमडी का अनुमान है कि यह जिस रफ्तार से बढ़ रहा है उस हिसाब से 18 से 20 जून के बीच गोरखपुर या वाराणसी के रास्ते यूपी में दाखिल होगा। विभाग का कहना है कि लखनऊ में 23 से 25 जून के बीच मॉनसून की पहली बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस बार मॉनसून में अच्छी बारिश की उम्मीद है। जून-अगस्त तक ‘ला नीना’ की स्थितियां बनने का अनुमान है। इस वजह से इस बार पिछले साल की तुलना में बेहतर बारिश की संभावना हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि बिहार में मॉनसून 15 जून तक पहुंच सकता है। इसके अलावा मध्य प्रदेश में 15 से 20 जून, राजस्थान में 25 जून से 30 जून, महाराष्ट्र में 10 जून तक और छत्तीसगढ़ में 15 जून तक मॉनसून के पहुंचने का अनुमान है।

आईएमडी की मानें तो दिल्ली और एनसीआर के शहरों में मॉनसून 30 जून तक दस्तक दे सकता है। इन राज्यों में भी इस बार मॉनसून के दौरान पिछले कुछ साल की तुलना में अधिक बारिश होने का अनुमान जताया जा रहा है।

ज्ञात हो कि इस समय अभी पूरा उत्तर भारत भीषण गर्मी और लू से परेशान हैं। दिल्ली-एनसीआर में तापमान 45-47 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। राजस्थान में भी पारा 47 डिग्री तक पहुंच चुका है। यही स्थिति हरियाणा, यूपी, पंजाब और मध्य प्रदेश की भी बनी हुई है। मौसम विभाग ने हीट वेव को लेकर पूरे उत्तर भारत के लिए अलर्ट जारी कर रखा है। विभाग की मानें तो अभी अगले तीन चार दिन लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

Share to...