November 25, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Protest Priyanka Rai Updates: छात्रावास गोद लेने वाले अधिकारी रहे नदारद, उपसंचालक के आश्वासन के बाद शांत हुईं छात्राएं

रतलाम: बिबड़ोद स्थित आदिवासी कन्या परिसर की छात्राओं ने अपनी समस्याओं को लेकर रतलाम जिला मुख्यालय तक पैदल मार्च निकाला है। स्थानीय स्कूल प्रबंधन और आदिवासी कल्याण विभाग के अधिकारियों द्वारा सुनवाई नहीं किए जाने से नाराज होकर ये छात्राएं कलेक्टर से मिलने के लिए पहुंची थीं। जहां कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर धरना देकर इन छात्राओं ने अपना प्रदर्शन किया है।

🏫 रतलाम में छात्राओं का प्रदर्शन

खास बात यह है कि 2 दिन पहले ही रतलाम कलेक्टर अजय कटेसरिया और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा नवाचार करते हुए आदिवासी क्षेत्र के छात्रावासों और स्कूलों को गोद लिया था, लेकिन आदिवासी क्षेत्र की छात्राएं जब अपनी समस्या लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं तो गोद लेने वाले ये अधिकारी कलेक्ट्रेट से नदारद थे। कलेक्टर की गैरमौजूदगी में आदिवासी कल्याण विभाग की उपसंचालक ने छात्राओं को उनकी समस्याओं के तत्काल समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्राएं प्रदर्शन समाप्त कर वापस स्कूल जाने को तैयार हुई हैं।

📢 स्कूल और हॉस्टल की समस्याओं से परेशान

दरअसल, बीते दो महीने में यह तीसरी बार है, जब आदिवासी अंचल से छात्र एवं छात्राएं अपने स्कूल और हॉस्टल की समस्याओं को लेकर रतलाम जिला मुख्यालय पर पहुंचे हैं। बीते दिनों एकलव्य स्कूल के छात्र-छात्राओं ने 25 किलोमीटर तक पैदल मार्च कर रतलाम कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया था। इसके बाद अब आदिवासी कन्या परिसर की छात्राएं अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची हैं।

🍽️ छात्रावास में साफ-सफाई और खानपान की शिकायत

कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने आरोप लगाया कि 11वीं और 12वीं के छात्रों के लिए फिजिक्स के शिक्षक नहीं हैं। छात्रावास में भी साफ-सफाई नहीं है और खानपान को लेकर भी समस्या है। कई बार शिकायत की, लेकिन कोई भी अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस वजह से उन्हें आज पैदल चलकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचना पड़ा है। आदिवासी कल्याण विभाग की उपसंचालक प्रियंका राय ने बताया कि “छात्राओं द्वारा कलेक्ट्रेट में पहुंचकर अपनी स्कूल से संबंधित समस्याएं बताई गई हैं, जिन पर मौके पर पहुंचकर समाधान किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि उपसंचालक ने खानपान और साफ-सफाई से संबंधित समस्या नहीं होने की बात कही है।”

बहरहाल, रतलाम के आदिवासी अंचल में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा पैदल मार्च निकालने और जिला मुख्यालय पर पहुंचकर प्रदर्शन करने की तस्वीर लगातार सामने आ रही है। जिससे आदिवासी कल्याण विभाग एवं जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर क्यों छात्र-छात्राएं अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आंदोलन की राह अपना रहे हैं। वहीं, कलेक्टर से मिलने पहुंचने वाले इन छात्रों से इनके स्कूल और छात्रावासों को गोद लेने वाले अधिकारी भी मिलने नहीं पहुंचते हैं।

Share to...