नईदिल्ली: देश मे लगातार रेल सुविधाओं में इजाफा किया जा रहा है। ट्रेनों की स्थिति भी बेहतर की गई है साथ ही लगातार मेट्रो ट्रेनों की सुविधाएं बढ़ाई जा रही है। इसी क्रम में अब आम लोगो के लिए दिल्ली से मेरठ का सफर अब ट्रैफिक, जाम और घंटों की थकान से आजाद होने जा रहा है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली मेरठ कॉरिडोर की फुल स्ट्रेच सेवा को हरी झंडी दिखा दी है और 22 फरवरी की शाम 6 बजे से ‘नमो भारत रैपिड रेल’ आम यात्रियों के लिए शुरू हो जाएगी।
सराय काले खां से मोदीपुरम तक करीब 80 किलोमीटर की दूरी अब सिर्फ 55 मिनट में पूरी होगी। इसके साथ ही मेरठ मेट्रो सेवा भी शुरू हो चुकी है, जो इसी इंफ्रास्ट्रक्चर पर संचालित होगी। यह भारत का पहला रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम है, जिसे 180 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार के हिसाब से डिजाइन किया गया है। आधुनिक तकनीक, हाई स्पीड और मेट्रो जैसी सुविधा इसे देश की सबसे एडवांस ट्रेन सेवाओं में शामिल करती है। करीब 82.15 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में 70 किलोमीटर एलिवेटेड और लगभग 12 किलोमीटर भूमिगत ट्रैक बनाया गया है। पूरी परियोजना पर लगभग 30,274 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। यह सिर्फ एक ट्रेन सेवा नहीं, बल्कि दिल्ली एनसीआर के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर का बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
सराय काले खां स्टेशन को मल्टी इंटीग्रेटेड ट्रांजिट हब के रूप में विकसित किया गया है। यहां स्मार्ट टिकट वेंडिंग मशीनें, QR कोड आधारित टिकट और भविष्य में दिल्ली अलवर तथा दिल्ली करनाल कॉरिडोर को जोड़ने के लिए छह प्लेटफॉर्म तैयार किए गए हैं। महिला सशक्तिकरण को भी इसमें प्राथमिकता दी गई है। संचालन में बड़ी संख्या में महिला ड्राइवर शामिल हैं। महिलाओं के लिए अलग कोच की व्यवस्था की गई है।
नमो भारत ट्रेन का इंटीरियर बुलेट ट्रेन जैसी आधुनिक झलक देता है। ड्राइवर कंसोल पूरी तरह डिजिटल है। प्रीमियम कोच में रीक्लाइनिंग सीट, मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट, अतिरिक्त लेगरूम और ब्लाइंड पर्दों की सुविधा दी गई है।
कोच के अंदर सामान रखने की पर्याप्त जगह, खड़े यात्रियों के लिए अतिरिक्त स्पेस, पानी की बोतल रखने की व्यवस्था, मैगजीन होल्डर और फुट रेस्ट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। सुरक्षा के लिए ऑटोमैटिक गेट, डिस्प्ले बोर्ड और आधुनिक निगरानी सिस्टम लगाए गए हैं। यह सेवा सराय काले खां से मोदीपुरम तक चलेगी।
कॉरिडोर में न्यू अशोक नगर, आनंद विहार, साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ, शताब्दी नगर, मेरठ साउथ, बेगमपुल और मोदीपुरम जैसे अहम स्टेशन शामिल हैं। पहले यह सेवा न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक सीमित थी, लेकिन अब पूरा कॉरिडोर शुरू हो गया है।
इस रूट पर किराया दूरी के आधार पर तय किया गया है। स्टैंडर्ड क्लास में न्यूनतम किराया लगभग ₹20 से शुरू होकर फुल रूट पर करीब ₹150 तक जाता है। प्रीमियम क्लास में यह ₹30 से शुरू होकर लगभग ₹225 तक पहुंचता है। (हालांकि अभी फाइनल किराया में थोड़ा बदलाव हो सकता है)
सराय काले खां से मोदीपुरम तक की पूरी यात्रा के लिए लगभग ₹213 देने होंगे। छोटे रूट जैसे साहिबाबाद से दुहाई के लिए स्टैंडर्ड किराया लगभग ₹50 और प्रीमियम लगभग ₹100 है। 90 सेंटीमीटर से कम लंबाई वाले बच्चों का सफर मुफ्त रहेगा।
टिकट स्टेशन काउंटर, QR पेपर टिकट, वेंडिंग मशीन या RapidX Connect मोबाइल ऐप के जरिए खरीदे जा सकते हैं। नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड भी मान्य होगा।
सराय काले खां से मोदीपुरम की ओर पहली ट्रेन सुबह 6 बजे चलेगी और आखिरी ट्रेन रात 10 बजे। वहीं मोदीपुरम से सराय काले खां के लिए पहली ट्रेन सुबह 6 बजकर 1 मिनट और आखिरी रात 10 बजकर 1 मिनट पर रवाना होगी।
मेरठ मेट्रो की पहली सेवा सुबह करीब 6 बजे और आखिरी रात 10 बजे के आसपास उपलब्ध रहेगी। अलग अलग स्टेशनों से पहली और आखिरी ट्रेन के समय तय कर दिए गए हैं, ताकि यात्रियों को इंतजार न करना पड़े।
इस हाई स्पीड सेवा से मेरठ, गाजियाबाद और आसपास के जिलों के लाखों लोगों को सीधा फायदा होगा। दिल्ली तक पहुंचना आसान और समयबचत वाला हो जाएगा। रोजाना आने जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और व्यापारियों के लिए यह बड़ी राहत है।
नमो भारत रैपिड रेल को केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जीवनशैली बदलने वाली परियोजना माना जा रहा है। तेज रफ्तार, सुरक्षित सफर और हाई क्लास सुविधाओं के साथ अब दिल्ली से मेरठ की दूरी सच में छोटी हो गई है।

More Stories
Dog Vaccination Updates: जंगल के राजा पर मंडराया अदृश्य दुश्मन का खतरा, असामान्य हरकतें करने लगे संक्रमित बाघ
Bhopal Police Updates: एमपी नगर जोन-2 अंग्रेजी शराब दुकान के सामने दी दबिश, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
MP Weather Updates: 21 नवंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ होगी भारी बारिश, चलेंगी तेज हवाएं