उज्जैन: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज सोमवार को ग्वालियर में 19 हजार करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें उज्जैन डीएमआईसी विक्रम उद्योगपुरी क्षेत्र का वर्चुअल लोकार्पण भी शामिल है। विक्रम उद्योगपुरी 1100 एकड़ में विकसित की गई है, जिसमें औद्योगिक प्रयोजन की 417.38 एकड़ में से 364 एकड़ भूमि आवंटित की जा चुकी है। उद्योगपुरी में 4216 करोड़ का प्रस्तावित निवेश आना है। वर्तमान में दो हजार करोड़ रुपये का निवेश आ चुका है। इससे 11536 रोजगार का सृजन होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश में लाखों गरीबों को रहने के लिये आवास दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि जिन्हें किसी ने नहीं पूछा, उस वर्ग को हमने पूजा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार मोटे अनाज के उत्पादन को बढ़ावा दे रही है। मोटे अनाज को श्री अन्न की उपाधि दी गई है। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर विकास की गति को और तेजी से आगे बढ़ायेंगे।
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मध्य प्रदेश के लिये 19 हजार करोड़ की सौगात लेकर आये हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के अन्न भण्डार भरे हुए हैं। 619 लाख मैट्रिक टन गेहूं का उत्पादन मध्य प्रदेश में हुआ है।
इसके पूर्व विक्रम उद्योगपुरी उज्जैन में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज सारे कार्यों में सबसे सशक्त कार्य उद्योगपुरी का लोकार्पण है। रात्रि में उद्योगपुरी से जब गुजरते हैं, तब ऐसा लगता है कि हम एक नये उज्जैन में आ गये हैं।
उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि प्रधानमंत्री ने न केवल कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाना है, बल्कि उन्होंने भारत को आत्मनिर्भर बनाया है। पहले चीन और अमेरिका से कच्चे माल के लिये हम निर्भर थे, लेकिन आज हम भारत में ही कच्चे माल का उत्पादन कर रहे हैं। उज्जैन में मेडिकल डिवाइस पार्क से लेकर टेक्सटाईल इण्डस्ट्री, लिनेन इण्डस्ट्री आई है। उन्होंने कहा कि वे खुद व्यक्तिगत रूप से उद्योगपतियों के सम्पर्क में हैं, जो उज्जैन में उद्योग लगाना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि बिड़ला इण्डस्ट्री ने उज्जैन में पांच हजार करोड़ की इण्डस्ट्री लगाने का वचन दिया है। फिरोजिया ने कहा कि 2028 में सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालु मेट्रो से आयेंगे। इसके पूर्व विवेक जोशी एवं बहादुर सिंह बोरमुंडला ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।
कार्यकारी संचालक एमपीआईडीसी राजेश राठौर ने विक्रम उद्योगपुरी के कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विक्रम उद्योगपुरी क्षेत्र में भारत सरकार की रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय और औषध विभाग के सहयोग से मेडिकल डिवाइस पार्क भी विकसित किया जा रहा है। वर्तमान में कुल 39 इकाईयों की 363.87 हेक्टेयर भूमि औद्योगिक प्रयोजन हेतु आवंटित की जा चुकी है, जिसमें लगभग 4200 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है। यहां पर प्रमुख रूप से पेप्सिको इंडिया, अमूल, आशीर्वाद पाईप्स, सिंबायोटिक लाईफ, कर्नाटक एंटीबायोटिक, यशोदा लिनेन एवं श्रीनिवास फार्मा प्रमुख हैं। इस औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना से बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार प्राप्त होगा। साथ ही उज्जैन में उद्योगों का जाल बिछ जायेगा।
विक्रम उद्योगपुरी में आयोजित कार्यक्रम में विधायक पारस जैन, पूर्व विधायक सतीश मालवीय, एकेवीएन के एसके जैन, एकेवीएन के अधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण, पत्रकारगण मौजूद थे।

More Stories
सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय कार्यपरिषद सदस्य डॉ. कुशवाह ने जन्मदिवस के अवसर पर सबसे पहले स्व गणना पोर्टल पर स्व गणना की
किसानों को गेहूँ विक्रय के लिये 30 अप्रैल तक स्लॉट बुकिंग की सुविधा : मंत्री राजपूत
CrPI सिस्टम/MCU के प्रभावी संचालन हेतु राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित