September 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Pawan Express Miraculous Survival: मुंबई जा रही ट्रेन की इमरजेंसी विंडो से नीचे गिरी बच्ची, लहूलुहान हालत में मिली जीवित

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में कटनी रेल खंड पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुंबई की ओर जा रही पवन एक्सप्रेस में सवार एक महिला यात्री की डेढ़ साल की मासूम बच्ची चलती ट्रेन की इमरजेंसी खिड़की से अचानक नीचे गिर गई। चलती ट्रेन से बच्ची के गिरते ही बोगी में हड़कंप मच गया और यात्रियों ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका। इसके बाद ट्रैक पर जो चमत्कार देखने को मिला, उसे देखकर सभी की आँखें फटी की फटी रह गईं।

📱 लोअर बर्थ पर खेल रही थी बच्ची: मोबाइल में व्यस्त थी मां, इमरजेंसी विंडो से नीचे गिरी मासूम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुंबई निवासी 26 वर्षीय संजीदा खातून अपनी डेढ़ साल की बेटी के साथ मुजफ्फरपुर से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) जा रही थीं। महिला पवन एक्सप्रेस (Pawan Express) के एस-6 कोच की लोअर बर्थ पर सफर कर रही थी।

ट्रेन कटनी स्टेशन से रवाना होकर जबलपुर की ओर रफ्तार पकड़ चुकी थी। इस दौरान संजीदा अपनी बच्ची को सीट पर लिटाकर खुद मोबाइल देखने में व्यस्त हो गईं। इसी बीच बच्ची खेलते-खेलते इमरजेंसी खिड़की तक पहुँच गई, जिसका मां को पता ही नहीं चला। अन्य यात्रियों के अनुसार, इमरजेंसी विंडो में सामान्य खिड़कियों की तुलना में रॉड कम होती हैं, जहाँ खड़ी होने की कोशिश में बच्ची अचानक नीचे गिर गई।

🩸 ट्रैक पर खून से लथपथ मिली बच्ची: सांसे चलती देख यात्रियों की फटी रह गईं आंखें

बच्ची के अचानक गायब होने पर जब मां रोने-चिल्लाने लगी, तो बोगी में सवार यात्रियों को आशंका हुई कि बच्ची खिड़की से बाहर गिर गई है।

यात्रियों ने बिना देर किए तुरंत इमरजेंसी चेन खींचकर ट्रेन रुकवाई। इसके बाद कई यात्री ट्रैक पर पीछे की ओर दौड़े। कुछ दूरी पर मासूम बच्ची पटरी के किनारे घायल अवस्था में पड़ी मिली। उसके सिर, पीठ और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई थीं और शरीर से खून बह रहा था, लेकिन वह सांसें ले रही थी। बच्ची को जीवित देख यात्रियों ने इसे कुदरत का करिश्मा माना और उसे उठाकर तुरंत ट्रेन में वापस लाए।

🏥 आरपीएफ ने प्राथमिक उपचार के बाद कराया मेडिकल रेफर: परिजनों को मुंबई किया रवाना

जबलपुर रेलवे स्टेशन पहुँचते ही आरपीएफ (RPF) और कमर्शियल विभाग की टीम ने बच्ची को अपनी कस्टडी में लिया और एम्बुलेंस के जरिए तत्काल जिला अस्पताल पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब ने बताया कि घटना कटनी स्टेशन से ट्रेन छूटने के बाद हुई थी। जबलपुर में बच्ची को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने के बाद बच्ची की मां ने बताया कि जबलपुर में उनका कोई परिचित नहीं है और वे बच्ची का आगे का इलाज मुंबई में कराना चाहती हैं। स्थिति को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने संजीदा और उनकी बच्ची को दूसरी ट्रेन के जरिए मुंबई के लिए सकुशल रवाना कर दिया।

Share to...