नईदिल्ली: 18वीं लोकसभा के स्पीकर के चुनाव आज हुआ। जिसमे एनडीए गठबंधन के पूर्व स्पीकर ओम बिरला को ध्वनिमत से दोबारा स्पीकर चुन लिया गया हैं। ओम बिरला लगातार दूसरी बार स्पीकर चुने गए हैं।
लोकसभा स्पीकर चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ करने के पहले प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब अपने आसन पर पहुंच गए हैं। जम्मू कश्मीर के निर्दलीय सांसद शेखर राशिद, पंजाब के अमृतपाल, दीपक देव अधिकारी समेत उन सांसदों का नाम पुकारा गया जो शुरुआती दो दिन की कार्यवाही में शपथ ग्रहण नहीं किए हैं। टीएमसी के दीपक देव अधिकारी ने शपथ ग्रहण कर ली हैं।
पीएम मोदी ने स्पीकर पद के लिए ओम बिरला के नाम का प्रस्ताव रखा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस प्रस्ताव का अनुमोदन किया। ललन सिंह ने भी ओम बिरला के नाम का प्रस्ताव रखा। डॉक्टर राजकुमार सांगवान ने इस प्रस्ताव का अनुमोदन किया। स्पीकर के लिए ओम बिरला के नाम का गृह मंत्री अमित शाह, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी, जाधव प्रतापराव गणपत राव, चिराग पासवान, एचडी कुमारस्वामी, के राममोहन नायडू, आईके सुब्बा, अनुप्रिया पटेल ने स्पीकर पद के लिए ओम बिरला के नाम का प्रस्ताव किया। शिवराज सिंह चौहान, नितिन गडकरी, सुनील तटकरे, जयंत वासुमातारी, लघुकृष्णा देवराई, फणीभूषण चौधरी, श्री किशन पाल ने ओम बिरला के नाम का प्रस्ताव किया। वही अरविंद गणपति सावंत, सुप्रिया सुले, कनिमोझी ने स्पीकर के लिए केरल के कांग्रेस सांसद के सुरेश के नाम का प्रस्ताव किया।
ओम बिरला को ध्वनिमत से लोकसभा का स्पीकर चुन लिया गया है।
ओम बिरला को स्पीकर चुने जाने के बाद नेता सदन नरेंद्र मोदी और विपक्ष के नेता राहुल गांधी स्पीकर के आसन तक लेकर गए।ओम बिरला के आसन तक पहुंचने पर प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब ने कहा कि आपकी चेयर है, आप संभालें। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब, संसद के स्टाफ और सदस्यों का धन्यवाद किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने दूसरी बार स्पीकर चुने जाने पर ओम बिरला को बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि हम सबको विश्वास है कि आने वाले पांच साल आप हम सबका मार्गदर्शन करेंगे। हमारे शास्त्रों में कहा गया है कि विनम्र और व्यवहार कुशल व्यक्ति सफल सदृश होता है। आपको तो मुस्कान भी मिली है। आपकी ये मीठी-मीठी मुस्कान हम सबको प्रसन्न करती आई है। दूसरी बार स्पीकर का कार्यभार मिलना, नए-नए रिकॉर्ड बनते देख रहे हैं। बलराम जाखड़ जी को पांच साल का कार्यकाल पूर्ण करने के बाद स्पीकर का दायित्व फिर से मिला था। इनके बाद आप हैं जिसे ये अवसर मिला है। आप जीतकर के आए हैं। नया इतिहास आपने गढ़ा है। हममें से ज्यादातर सांसद आपसे परिचित हैं। एक सांसद के रूप में आप जिस प्रकार से एक सांसद के नाते काम करते हैं, ये भी जानने और सीखने योग्य है।
पीएम मोदी ने ओम बिरला के स्पीकर निर्वाचित होने के बाद कहा कि एक सांसद के रूप में आपकी कार्यशैली सभी सांसदों के लिए सीखने योग्य है। आपने स्वस्थ शिशु, स्वस्थ मां अभियान शुरू किया है जो प्रेरक है। गांव-गांव में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की कोशिश, गरीबों को कंबल, कपड़े, छाता, जूते ऐसी अनेक सुविधाएं खोज-खोज कर पहुंचाते हैं। 17वीं लोकसभा संसदीय इतिहास का स्वर्णिम कालखंड रहा है। आपकी अध्यक्षता में जो निर्णय हुए हैं, सदन के जरिए जो सुधार हुए हैं, वो आपकी भी और सदन की भी विरासत है। जब भविष्य में विश्लेषण होंगे तब लिखा जाएगा कि आपकी अध्यक्षता वाली 17वीं लोकसभा की बहुत बड़ी भूमिका रही है। पीएम मोदी ने भारतीय न्याय संहिता से लेकर मुस्लिम महिला विवाह संरक्षण विधेयक और नारी शक्ति वंदन विधेयक तक, 17वीं लोकसभा से पारित विधेयकों का जिक्र किया और कहा कि आपकी अध्यक्षता में 17वीं लोकसभा ने भविष्य की बुनियाद रखी है। उन्होंने आगे कहा कि देश भविष्य में इसका गौरव करेगा। भारत को आधुनिक बनाने की दिशा में जब हर तरफ से प्रयास हो रहे हैं, ये नया संसद भी आपकी अध्यक्षता में भविष्य को लिखने का कार्य करेगा। नए संसद भवन में हमारा प्रवेश भी आपकी अध्यक्षता मेें हुआ और आपने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जिससे लोकतंत्र को मजबूती देने में मदद मिली है। सभी सांसदों को ब्रीफिंग के लिए व्यवस्था दी और आवश्यक रेफरेंस मैटेरियल मिला। आपने अच्छी व्यवस्था को विकसित किया है जिससे सांसदों में ये विश्वास जगा कि मैं भी तर्क दे सकता हूं। जी20 की बहुत चर्चा हुई, पी20 में सर्वाधिक देश आपके निमंत्रण पर भारत आए। इसने विश्व में भारत की प्रतिष्ठा को गौरव देने में बहुत बड़ा रोल अदा किया है। ये भवन बस चार दीवारें नहीं, 140 करोड़ देशवासियों की आशा का केंद्र है। संसद की कार्यवाही, जवाबदेही और आचरण संसदीय प्रणाली को मजबूत बनाता है। 17वीं लोकसभा की प्रोडक्टिविटी 25 साल के उच्चतम स्तर पर 97 फीसदी रही। आप विशेष अभिनंदन के अधिकारी हैं। कोरोनाकाल में हर सांसद को फोन कर हाल पूछा और किसी को भी बीमारी हुई तो व्यक्तिगत रूप से उसकी चिंता की। आपने जो फैसले किए, हम उस कठिन कालखंड में भी काम कर पाए। कोरोनाकाल में सदन में 170 परसेंट प्रोडक्टिविटी, ये दुनिया के लिए बहुत बड़ी खबर है। हम चाहते हैं कि सदन के नियमों का पालन सब करें। आपने कठोर निर्णय भी लिए हैं। मैं जानता हूं कि ऐसे नियम आपको पीड़ा भी देते हैं लेकिन आपने सदन की गरिमा को पसंद किया और पीड़ा को स्वीकार किया।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने स्पीकर निर्वाचित होने पर ओम बिरला को बधाई दी। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष सरकार के साथ सहयोग करना चाहता है। सरकार के पास पॉलिटिकल पावर ज्यादा है लेकिन विपक्ष भी भारत का प्रतिनिधित्व करता है। हमें भरोसा है कि आप हमारी आवाज हमें उठाने देंगे। नविपक्ष की आवाज दबाना अलोकतांत्रिक है। विपक्ष आपकी पूरी मदद करेगा।
अखिलेश यादव ने स्पीकर चुने जाने पर ओम बिरला को बधाई देते हुए कहा कि निष्पक्षता इस महान पद की महान जिम्मेदारी है। लोकसभा स्पीकर के रूप में आप सबको बराबर मौका देंगे। आपका अंकुश विपक्ष पर तो रहता ही है, आपका अंकुश सत्तापक्ष पर भी रहे। आपके इशारे पर सदन चले, इसका उल्टा न हो। किसी भी जनप्रतिनिधि का निष्कासन जैसा न हो। किसी भी जनप्रतिनिधि की आवाज नहीं दबाई जानी चाहिए। आपकी कुर्सी लोकतंत्र के मुख्य न्यायाधीश की तरह है।
ओम बिरला के लगातार दूसरी बार स्पीकर चुने जाने पर देश के पक्ष और विपक्ष दोनों के नेताओ ने बधाई दी हैं।

More Stories
Young Woman Video Updates: विभाग के भीतर कथित व्यवहार पर उठे गंभीर सवाल, वीडियो में लगाए कई आरोप
Registration Late Fee Updates: निर्धारित समय-सीमा के बाद पंजीयन कराने पर देना होगा विलंब शुल्क, जानें नई प्रक्रिया
Honey Bee Swarm Incident Updates: दुपट्टे से चेहरा ढंककर और भागकर विद्यार्थियों ने बचाई जान, यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने जारी किया बयान