April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

मप्र विधानसभा चुनाव 2023: दोपहर 3 बजे तक मप्र में 60.52 % वोटिंग, लगातार मतदान जारी

हीना तिवारी, भोपाल: मध्यप्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर दोपहर 3 बजे तक 60.52 प्रतिशत वोटिंग हुई। सबसे अधिक 70.27 प्रतिशत वोट शाजापुर जिले में डाले गए हैं। वही सबसे कम भोपाल जिले में 45.34% वोट पड़े।

विधानसभा चुनाव को लेकर कई जगहों पर छिटपुट मारपीट की घटनाएं भी सामने आई है वही ओवरऑल मप्र में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हो रहा हैं।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को लेकर आज सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई। सुबह से ही लगातार मतदान केंद्रों पर लोगो की भीड़ नजर आ रही हैं। लोग कतार में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान को लेकर लोगो मे खासा उत्साह नजर आ रहा हैं।

मप्र में विधानसभा की 230 सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है वही छत्तीसगढ़ की 70 सीटों पर मतदान चल रहा हैं। मप्र और छत्तीसगढ़ में आज उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में कैद होगा।

दोनों राज्यों की तकरीबन 300 सीटों पर आज शुक्रवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो चुका हैं जो शाम छह बजे तक चलेगा, कुछ सीटें ऐसी भी हैं जहां दोपहर 3 बजे मतदान समाप्त हो जाएगा।

सबसे ज्यादा खास नजर उन सीटों पर होगी जिनसे बड़े चेहरे मैदान में उतरे हैं। शुक्रवार को ही मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ, सीएम शिवराज सिंंहचौहान, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल समेत अन्य बड़े नेताओं की जीत हार का फैसला ईवीएम में कैद हो जाएगा। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो इसके लिए चुनाव आयोग ने पहले ही सभी तैयारियां पूरी कर ली थी। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अर्धसैनिक बलों की तैनाती भी की गई है। इससे पहले छत्तीसगढ़ की 20 सीटों पर पहले चरण में 7 नवंबर को वोट डाले जा चुके हैं। नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे।

दोनों ही प्रदेशों में सरकार बनाने के लिए भाजपा और कांग्रेस ने इस बार पूरा दम दिखाया है। खासतौर से भाजपा ने यहां पूरी ताकत झोंक दी है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा, यूपी के सीएम योगी सहित तमाम भाजपा नेताओं ने यहां सैकड़ों रैलियां की हैं, कांग्रेस ने भी प्रियंका गांधी, राहुल गांधी से लेकर अन्य वरिष्ठ नेताओं की खूब सभाएं कराई हैं। हालांकि ये नेता मतदाताओं को अपने पक्ष में करने में किस हद तक सफल हुए ये आज पता चलेगा जब लोग जनादेश देने के लिए अपने घरों से निकल रहे हैं और पोलिंंग बूथों पर पहुंचकर वोट देंगे।

मध्य प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा के बीच टक्कर है, हालांकि बीएसपी और सपा किसी का भी खेल बिगाड़ने की ताकत रखती हैं। यहां की सबसे वीआईपी सीट बुधनी है जहां से सीएम शिवराज सिंह चौहान मैदान में उतरे हैं, यहां उनका मुकाबला टीवी कलाकार विक्रम मस्तल है। यहां सपा ने मिर्ची बाबा को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा होशंगाबाद सीट पर भाई-भाई मैदान में हैं, यहां कांग्रेस ने गिरिजाशंकर शर्मा और भाजपा ने सीताशरण शर्मा को मैदान में उतारा है। वही इंदौर विधानसभा क्रमांक 1 सबसे चर्चित सीट है क्योंकि यहां से भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व भाजपा के कद्दावर नेता कैलाश विजयवर्गीय के सामने कांग्रेस के विधायक संजय शुक्ला मैदान में हैं इस सीट को सबसे हॉट सीट माना जा रहा हैं।

इसी तरह छत्तीसगढ़ में सबसे बड़ा मुकाबला पाटन सीट पर है, जहां से सीएम भूपेश बधेल चुनाव मैदान में उतरे हैं, यहां भाजपा ने उनके भतीजे विजय बघेल को चुनाव मैदान में उतारा है। इसके अलावा यहां टीएस सिंह देव, ताम्रध्वज साहू, रवींद्र चौबे समेत अन्य मंत्रियों की किस्मत का फैसला भी आज होगा।

आज 17 नवंबर को दूसरे चरण का मतदान हो रहा हैं, इसके लिए मध्य प्रदेश की सभी 230 और छत्तीसगढ़ की शेष 70 सीटों पर पर मतदान जारी हैं। एमपी में जहां 2533 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर हैं वहीं छत्तीसगढ़ में 958 उम्मीदवों का भविष्य ईवीएम में कैद होगा।

मध्य प्रदेश में 5 करोड़ 60 लाख मतदाता नई सरकार चुनेंगे। प्रदेश में वैसे तो पोलिंग का वक्त सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक रखा गया है, हालांकि माओवादी प्रभावित इलाकों में ये समय सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक ही होगा।

राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन के मुताबिक प्रदेश में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान की तैयारी पूरी कर ली गई थी। इसके लिए 65 सौ से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं, इनमें 2533 उम्मीदवार हैं, इनमें 2280 पुरुष, 252 महिलाएं और एक थर्ड जेंडर का उम्मीदवार है। इनमें कांग्रेस और भाजपा के 230-230, बीएसपी के 181, सपा के 71 और 1166 उम्मीदवार निर्दलीय हैं।

छत्तीसगढ़ में 70 सीटों पर 958 उम्मीदवारों की किस्मत तय होगी, यहां दूसरे चरण में एक करोड़ 63 लाख मतदाता उम्मीदवारों की जीत हार तय करेंगे। चुनाव आयोग ने दूसरे चरण के लिए 18 हजार 833 मतदान केंद्र बनाए है। खास बात ये है कि इनमें 700 से ज्यादा मतदान केंद्र ऐसे हैं, जिनमें सिर्फ महिला मतदानकर्मी ही तैनात हैं।

Share to...