August 21, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Madhya Pradesh Tourism: प्रकृति के नजारों के बीच वीकेंड मनाने का मौका, हफ्ते में 3 दिन चलेगी रतलाम मंडल की हेरिटेज ट्रेन

मध्य प्रदेश के रतलाम रेल मंडल की बेहद लोकप्रिय और खूबसूरत हेरिटेज ट्रेन एक बार फिर से पर्यटकों को लुभाने के लिए पटरी पर लौटने जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार 22 अगस्त से पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन हफ्ते में तीन दिन यात्रियों के संचालन के लिए शुरू हो रही है, जिसके लिए रेलवे द्वारा बुकिंग भी शुरू कर दी गई है। इस शानदार और ऐतिहासिक रेलवे ट्रैक पर प्रकृति के अद्भुत और मनमोहक नजारों का लुत्फ पर्यटक उठा सकेंगे। कालाकुंड और पातालपानी के बीच झरने, सुरम्य घाटियां और पहाड़ियों की हरियाली के बीच वीकेंड मनाने का यह यात्रियों के लिए एक बेहतरीन मौका होगा। यात्रियों की विशेष मांग को ध्यान में रखते हुए इस हेरिटेज ट्रेन को अब प्रत्येक शुक्रवार, शनिवार और रविवार को संचालित किया जाएगा।

🕒 जानिए क्या है पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन की टाइमिंग

रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) मुकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले कुछ वर्षों में इस हेरिटेज ट्रेन को मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स और पर्यटकों की भारी मांग को देखते हुए इस साल भी इसका संचालन तय किया गया है। ट्रेन की समय सारणी के अनुसार, पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन (गाड़ी संख्या 52965) सुबह 11:05 बजे पातालपानी से रवाना होगी और दोपहर 13:05 बजे कालाकुंड पहुँचेगी। इसके बाद कालाकुंड में 2 घंटे 25 मिनट के विश्राम के बाद वापसी में यह ट्रेन (गाड़ी संख्या 52966) कालाकुंड से दोपहर 15:34 बजे चलकर शाम 16:30 बजे वापस पातालपानी पहुँचेगी।

🎫 कितना है किराया और कैसे करें ऑनलाइन बुकिंग?

यात्रियों की सुविधा के लिए इस हेरिटेज ट्रेन में दो एसी चेयरकार (C1, C2) और चार नॉन-एसी चेयरकार (D1, D2, D3, D4) सहित कुल छह कोच जोड़े गए हैं। इस ट्रेन में एक तरफ के सफर के लिए एसी कोच का किराया 265 रुपये प्रति व्यक्ति और नॉन-एसी कोच का किराया मात्र 20 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है। पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन की टिकटों की बुकिंग सभी पीआरएस (PRS) काउंटरों और आईआरसीटीसी (IRCTC) की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू हो चुकी है। ट्रेन के ठहराव, संरचना और बुकिंग से जुड़ी अन्य विस्तृत जानकारी के लिए यात्री आधिकारिक वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।

Share to...