October 21, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Madhya Pradesh News: मुख्यमंत्री मोहन यादव का बड़ा ऐलान, राज्य में जल्द होगी पुलिस विभाग में नई भर्तियां

भोपाल। देश और नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों के सम्मान में बुधवार को भोपाल के लाल परेड मैदान स्थित शहीद स्मारक पर राज्य स्तरीय पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान भव्य परेड, पुलिस बैंड और सलामी के बीच देश के तमाम अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से शामिल हुए और उन्होंने कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले मध्य प्रदेश पुलिस के 9 जवानों के बलिदान को नमन करते हुए उनके साहस को पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

🛡️ ‘शस्त्र रक्षा के लिए हैं, भयभीत करने के लिए नहीं’: मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग में जल्द नई भर्तियां करने की की बड़ी घोषणा

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति में शस्त्र का उद्देश्य हमेशा से सज्जनों की रक्षा और दुर्जनों का दमन रहा है। मध्य प्रदेश पुलिस के जवानों ने हर कठिन परिस्थिति में अदम्य साहस का परिचय दिया है। इस दौरान डीजीपी कैलाश मकवाणा सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के मंच से मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग में जल्द ही नई भर्तियां करने की भी महत्वपूर्ण घोषणा की, ताकि पुलिस बल और अधिक मजबूत होकर नागरिकों में सुरक्षा का पुख्ता अहसास करा सके।

Share to...