April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

पैरालंपिक खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी और एक करोड़ रुपये देगी मध्यप्रदेश सरकार

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने सेवा पखवाड़े के तहत मंगलवार शाम को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पैरालंपिक खिलाड़ियों प्राची यादव, पूजा झा व कपिल परमार को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए राज्य सरकार संकल्पबद्ध है। दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा को देखते हुए प्रगति के पूरे अवसर दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के जिन दिव्यांग खिलाड़ियों ने पैरालंपिक-2024 में पदक हासिल किये हैं, उन्हें एक करोड़ रूपये प्रोत्साहन राशि और शासकीय नौकरी देने का निर्णय लिया गया है। साथ ही जिन दिव्यांग खिलाड़ियों ने पैरालंपिक में पार्टीसिपेंट किया है, उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप 10-10 लाख रूपये की राशि दी जायेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिव्यांगता के क्षेत्र में उदार भाव हैं। वे सभी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की कई खेलों में विजयी पताका लहरा रही है। चाहे ओलंपिक खेल हों या पैरालंपिक-2024 के मुकाबले हों, भारतीय मेधा की गूंज पूरे विश्व तक पहुंची है। मध्यप्रदेश सरकार ऐसे प्रतिभावान खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए सतत् रूप से कार्य करेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज वैश्विक पटल पर देश और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले पैरालंपिक 2024 खिलाड़ियों का सम्मान किया। सांसद वी.डी. शर्मा सहित जन-प्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

गौरतलब है कि पेरिस पैरालिंपिक 2024 में मध्यप्रदेश के दो खिलाड़ियों ने ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं। जबलपुर की रुबीना फ्रांसिस ने 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग में देश को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया, जबकि सीहोर के कपिल परमार ने जूडो में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने जूडो में देश को पहला पदक दिया।

Share to...