August 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Madhya Pradesh Development News: विधायक ने दिया सड़क बनवाने का आश्वासन, मानपुर और वारासिवनी की बदहाल सड़कों का मामला आया सामने

उमरिया: मध्य प्रदेश के कई ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी बुनियादी सुविधाएं दम तोड़ती नजर आती हैं। बालाघाट के वारासिवनी विधानसभा क्षेत्र से एक ऐसी ही तस्वीर सामने आई है, जहां बारिश के दिनों में सड़कों की बदहाल स्थिति किसी दलदल जैसी हो जाती है। आलम यह है कि बारिश के मौसम में स्कूली बच्चे कीचड़ से सनी इन जर्जर सड़कों को पार करके स्कूल तक नहीं पहुंच पाते हैं। वारासिवनी के ग्राम पंचायत झाड़गांव के सैयाटोला से मेंढकी तक के मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से प्रभावित हो चुका है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का अंदेशा भी बना रहता है।

🗣️ विधायक ने की संज्ञान लेने की बात, बोले—निधि से कराएंगे पक्की सड़क

ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग की बदहाली को लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। आखिरकार क्षेत्रीय विधायक विक्की विवेक पटेल ने मौके पर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं। विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे इस सड़क के निर्माण के लिए विभागीय मंत्री से मुलाकात करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सरकार की तरफ से बजट का आवंटन नहीं हुआ, तो वे अपनी विधायक निधि की राशि से इस सड़क का पक्का निर्माण करवाएंगे, ताकि जनता को इस समस्या से निजात मिल सके।

🌧️ उमरिया के कोडार गांव में भी बदतर हाल, एंबुलेंस तक पहुंचना हुआ मुहाल

दूसरी ओर, उमरिया जिले के मानपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कोडार से भी ऐसी ही तस्वीर सामने आई है, जहां विद्यार्थियों और ग्रामीणों को रोजाना कीचड़ भरे रास्ते से गुजरना पड़ता है। स्थानीय ग्रामीण रामू बैगा ने बताया कि सड़क न होने के कारण एंबुलेंस और अन्य वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाते हैं, जिससे गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं, ग्रामीण सोहन बैगा ने बताया कि दशकों पहले बनी मिट्टी की सड़क अब पूरी तरह से मुसीबत बन चुकी है। इस मामले में मानपुर एसडीएम हरनीत कौर का कहना है कि कलेक्टर के निर्देशानुसार बारिश के बाद क्षेत्र में सड़कों की स्थाई मरम्मत और निर्माण के लिए कार्रवाई की जा रही है।

Share to...