November 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Investors Wealth Updates: बीएसई मार्केट कैप में जबरदस्त बढ़ोतरी, शुरुआती गिरावट के बाद लौटी रौनक

विदेशी निवेशकों का वास्तव में कोई तोड़ नहीं है। जब वे भारत के शेयर बाजार में आते हैं तो सेंसेक्स और निफ्टी सरपट दौड़ने लगते हैं। जब वे अपने हाथ खींचते हैं तो बाजार की लगाम खिंच जाती है। नवंबर के महीने में विदेशी निवेशकों की ओर से डाला गया पैसा उस फ्यूल की तरह साबित हुआ, जिससे शेयर बाजार की गाड़ी फर्राटा भरती हुई नजर आई। सुबह जब शेयर बाजार ओपन हुआ था, तब ऐसा लग रहा था कि कोई खास तेजी नहीं देखने को मिलेगी। कुछ ही मिनटों के बाद सेंसेक्स 200 से ज्यादा अंकों तक नीचे आ गया। लेकिन उसके बाद के 300 मिनटों में सेंसेक्स अपने दिन के लोअर लेवल से करीब 1,231 अंक उछल गया और निवेशकों को 7.59 लाख करोड़ रुपये से अधिक मार्केट कैप बढ़ोतरी का लाभ मिला। इस तेजी की सबसे बड़ी वजह विदेशी निवेशकों का निवेश है, जिन्होंने नवंबर के महीने में ही 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश कर डाला है। आइए आपको भी बताते हैं कि शेयर बाजार के आंकड़े किस तरह की कहानी कह रहे हैं।

🚀 शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल

गुरुवार को शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। आंकड़ों को देखें तो बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स दोपहर 2 बजकर 30 मिनट पर 824.21 अंकों की तेजी के साथ 82,856.02 अंकों पर कारोबार कर रहा है। जबकि कारोबारी सत्र के दौरान सेंसेक्स 82,886.83 अंकों के साथ दिन के हाई पर भी पहुंच गया था। वैसे शुरुआती सेशन में सेंसेक्स में गिरावट देखने को मिली थी और 81,698.63 अंकों के साथ दिन के लोअर लेवल पर पहुंच गया। उसके बाद सेंसेक्स ने वापसी करते हुए दिन के लोअर लेवल से 1,230.78 अंक तक उछल गया।

वहीं दूसरी ओर निफ्टी की बात करें तो दोपहर 2 बजकर 33 मिनट पर निफ्टी 241 अंकों की तेजी के साथ 25,468.25 अंकों पर कारोबार कर रहा है, जो कारोबारी सत्र के दौरान 25,481.35 अंकों के साथ दिन के पीक पर भी दिखाई दिया। लेकिन सुबह के सत्र में निफ्टी 25,104.80 अंकों के साथ दिन के लोअर लेवल पर भी आ गया था, जहां से निफ्टी ने वापसी करते हुए 376.55 अंकों की छलांग लगाई।

🔍 किन वजहों से आई शेयर बाजार में तेजी
  • 🏦 FII का लगातार निवेश: विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने बुधवार को 5,866.78 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। FIIs के लगातार निवेश ने बाजार के सेंटीमेंट को सहारा दिया है। इस महीने अब तक विदेशी फंडों का निवेश रिकॉर्ड 1,06,229 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि कंपनियों की मजबूत कमाई ने बाजार के आउटलुक को और मजबूत किया है। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स (Geojit Investments) के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार ने कहा कि FIIs की ओर से लगातार निवेश आ रहा है, जो इस महीने अब तक रिकॉर्ड 1,06,229 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसके साथ ही कंपनियों की शानदार कमाई ने भी बाजार को आगे बढ़ाने में मदद की है। बाजार में अभी काफी मजबूत मोमेंटम बना हुआ है।
  • 🛢️ कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट: ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) 0.04 प्रतिशत गिरकर 91.91 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। तेल की कीमतों में आई इस स्थिरता ने घरेलू शेयर बाजार के सेंटीमेंट को सहारा दिया।
  • 🌐 ग्लोबल लेवल पर मजबूत संकेत: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी ‘एन्थ्रोपिक’ (Anthropic) के रिकॉर्ड तोड़ने वाले इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) से ग्लोबल मार्केट सेंटीमेंट को मजबूती मिली। इससे US स्टॉक फ्यूचर्स और कुछ एशियाई बाजारों में तेजी आई। ‘क्लॉड’ (Claude) चैटबॉट बनाने वाली कंपनी एन्थ्रोपिक ने अपने IPO की कीमत 83 डॉलर प्रति शेयर तय की, जो पहले तय की गई रेंज से अधिक है। कीमतों की घोषणा के बाद US स्टॉक फ्यूचर्स में तेजी आई।
  • 🛒 वैल्यू बाइंग: वैल्यू बाइंग (Value Buying) ने भी बाजार में सुधार लाने में मदद की। शुरुआती कारोबार में भारी गिरावट के बाद निवेशकों ने निचले स्तरों पर शेयर खरीदे। यह खरीदारी पिछले सत्र में हुए नुकसान के बाद देखने को मिली, जब सेंसेक्स 500.38 अंक या 0.61 प्रतिशत गिरकर 82,031.81 पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी 159.45 अंक या 0.63 प्रतिशत गिरकर 25,227.95 पर बंद हुआ था।
💰 बीएसई मार्केट कैप में बड़ा इजाफा

दिन के लोअर लेवल से उठने के बाद शेयर बाजार निवेशकों को काफी बड़ा फायदा हुआ। सुबह 9 बजकर 30 मिनट पर बीएसई का मार्केट कैप 5,04,11,809.67 करोड़ रुपये था, जो उसके 300 मिनट के बाद बढ़कर 5,11,71,257.50 करोड़ रुपये हो गया। इसका मतलब है कि बीएसई के मार्केट कैप में 7,59,447.83 करोड़ रुपये का इजाफा हो गया। यही शेयर बाजार की रफ्तार को दर्शाता है।

Share to...