इंदौर: इंदौर जिसे मिनी मुंबई कहा जाता है, वह मिनी मुंबई आज पानी के लिए तरसता शहर बनता जा रहा है। करोड़ों के विकास के दावे और स्मार्ट सिटी की चमक के बीच अब हालात ऐसे हैं कि जनता को नलों से नहीं, सड़कों पर उतरकर अपनी प्यास बुझाने की गुहार लगानी पड़ रही है। भीषण गर्मी में जल संकट ने लोगों का सब्र तोड़ दिया और शहर के कई इलाकों में रहवासियों ने चक्काजाम कर नगर निगम की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। सवाल ये है कि आखिर नर्मदा परियोजना और करोड़ों के बजट के बावजूद इंदौर की जनता बूंद-बूंद पानी के लिए क्यों भटक रही है…?
दरअसल इंदौर में बढ़ते जल संकट को लेकर आज शहर के कई इलाकों में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मालवा मिल, पालदा सहित विभिन्न क्षेत्रों में रहवासियों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम किया और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि कई दिनों से नियमित जलप्रदाय नहीं हो रहा है, नलों में पानी नहीं आ रहा और जिन बोरवेलों के भरोसे लोग थे, वे भी गर्मी में जवाब दे चुके हैं। हालात इतने खराब हैं कि लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पानी जुटाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं और बुजुर्गों को दूर-दूर तक पानी के लिए भटकना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन देने में व्यस्त नजर आ रहे हैं।
वही आज वार्ड 75 के कांग्रेस पार्षद ने अधिकारियों के सामने चक्का जाम कर पुलिस अफसरों के पैरों में गिरकर पानी मांगा। जमीन पर दंडवत होकर रेंगते हुए अफसरों तक पहुंचे और बोले कि “सर पानी नहीं है, पानी दिलवा दो… जनता मर जाएगी।”
वही नगर निगम का दावा है कि नर्मदा का पानी टंकियों तक पहुंचाया जा रहा है और जिन क्षेत्रों में सप्लाई प्रभावित है वहां टैंकरों के माध्यम से जलप्रदाय किया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों से बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है। कई इलाकों में टैंकर समय पर नहीं पहुंच रहे, तो कहीं पानी की मात्रा जरूरत से बेहद कम बताई जा रही है।
वही रहवासियों के प्रदर्शन को कांग्रेस पार्षदों और नेताओं का भी समर्थन मिला। कांग्रेस ने नगर निगम पर अव्यवस्था और लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर करोड़ों खर्च किए गए, लेकिन जनता को मूलभूत सुविधा तक नहीं मिल पा रही।
फिलहाल बढ़ती गर्मी के साथ जल संकट भी गहराता जा रहा है और अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में शहर में विरोध प्रदर्शन और तेज होने की संभावना है।
वही पार्षद का पुलिस अधिकारी के पैरों में गिरकर दंडवत होकर पानी मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा हैं और लोग पानी के लिए निगम की जवाबदारी बता रहे और लापरवाही को लेकर कोस रहे हैं और मांग कर रहे है कि जल्द से जल्द पानी की समस्या का समाधान किया जाए।

More Stories
Dog Vaccination Updates: जंगल के राजा पर मंडराया अदृश्य दुश्मन का खतरा, असामान्य हरकतें करने लगे संक्रमित बाघ
Bhopal Police Updates: एमपी नगर जोन-2 अंग्रेजी शराब दुकान के सामने दी दबिश, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
MP Weather Updates: 21 नवंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ होगी भारी बारिश, चलेंगी तेज हवाएं