April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

इंदौर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई,करोड़ो ₹ की एक्सपायर बियर को किया नष्ट

इंदौर: इंदौर आबकारी विभाग ने एक बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। आबकारी विभाग द्वारा करीब पौने दो करोड़ रुपये कीमत की एक्सपायर बीयर को नष्ट किया गया है।

दरअसल यह पूरी कार्रवाई सिमरोल स्थित मेमदीग्राम की माउंट एवरेस्ट ब्रेवरीज लिमिटेड में की गई, जहां समय पर निर्यात नहीं हो पाने के कारण बड़ी मात्रा में बीयर एक्सपायर हो गई थी। विभाग के अनुसार कुल 2 लाख 23 हजार 316 लीटर बीयर निर्धारित समय सीमा के भीतर बाजार या निर्यात के लिए नहीं भेजी जा सकी, जिसके चलते यह पूरी खेप एक्सपायर हो गई।

आबकारी विभाग को जैसे ही इस बात की जानकारी मिली, तुरंत मौके पर टीम पहुंची और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पूरी एक्सपायर बीयर को नष्ट करवाया गया। इस दौरान विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और संबंधित कंपनी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न की जा सके।

आबकारी विभाग का साफ कहना है कि एक्सपायर शराब या बीयर का बाजार में पहुंचना आम जनता की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने यह कठोर कदम उठाया है। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही पर संबंधित कंपनियों और ठेकेदारों के खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने यह संदेश भी दिया है कि शराब और बीयर बनाने वाली सभी कंपनियां समय-सीमा और गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन करें। किसी भी प्रकार की एक्सपायर या अवैध शराब को बाजार में आने से रोकना विभाग की प्राथमिकता है।

फिलहाल, इंदौर आबकारी विभाग की इस कार्रवाई को जनहित में लिया गया एक अहम और सराहनीय कदम माना जा रहा है, जिससे आम नागरिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Share to...