April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

आईएमए की 24 घंटे की हड़ताल आज; सरकारी-निजी अस्पतालों में नहीं होंगे ऑपरेशन और ओपीडी

नईदिल्ली: कोलकाता की घटना के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने आज शनिवार को देशभर के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में 24 घंटे हड़ताल की घोषणा की है। इस दौरान ओपीडी व मरीजों के ऑपरेशन नहीं होंगे। हालांकि आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी।

आईएमए ने कहा है कि कोलकाता के मेडिकल कॉलेज में हुए जघन्य अपराध और अस्पताल में तोड़फोड़ के विरोध में शनिवार सुबह 6 बजे से रविवार सुबह 6 बजे तक 24 घंटे के लिए देश भर में डॉक्टर हड़ताल पर रहेंगे। आईएमए के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आरवी अशोकन ने कहा कि डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार का दायित्व है। मृत महिला डॉक्टर के लिए न्याय और डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय कानून जैसी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे। आईएमए के 3.30 लाख से ज्यादा डॉक्टर सदस्य हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोलकाता के लालबाजार स्थित आरजी कर मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में जूनियर डॉक्टर के साथ 8-9 अगस्त की दरमियानी रात दुष्कर्म किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। मृतका मेडिकल कॉलेज में चेस्ट मेडिसिन विभाग की स्नातकोत्तर द्वितीय वर्ष की छात्रा और प्रशिक्षु डॉक्टर थीं। जूनियर डॉक्टर आठ अगस्त को अस्पताल में रात की ड्यूटी कर रही थीं। रात 12 बजे के बाद उन्होंने दोस्तों के साथ डिनर भी किया। इसके बाद से महिला डॉक्टर का कोई पता नहीं चला।

9 अगस्त की सुबह मेडिकल कॉलेज में चौथी मंजिल पर बने सेमिनार हॉल में डॉक्टर का अर्धनग्न अवस्था में शव मिला। शव के पास उसका मोबाइल और लैपटॉप बरामद किया गया। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। वहीं, हत्याकांड को लेकर पश्चिम बंगाल समेत पूरे देश में डॉक्टरों का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करवाने और दोषी को मौत की सजा दिलाने की बात कही। एसआईटी ने रात को अस्पताल में तैनात एक सिविक वालंटियर संजय रॉय को गिरफ्तार किया। आरोपी ब्लूटूथ हेडफोन के टूटे तार से पकड़ा गया था जो पुलिस को सेमिनार कक्ष में गिरा मिला था।

फिलहाल मप्र में भी हड़ताल का असर देखने को मिल रहा है। जहाँ प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल एमवाय अस्पताल इंदौर में डॉक्टर्स हड़ताल पर है और कोई भी डॉक्टर काम नही कर रहा है। डॉक्टरों की हड़ताल के चलते मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हैं। वही प्रदेश की अन्य जगहों पर भी लगभग यही स्थिति बनी हुई है।

Share to...