गुना: गुना में भीषण सड़क हादसा हो गया। गुना से आरोन जा रही यात्री बस और डंपर की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस पलट गई और बस में आग लग गई। हादसे में 12 लोग जिंदा जल गए वही डंपर ड्राइवर की भी मौत हो गई। घटना में कुल 13 लोगों की मौत हो गई वही करीब 16 लोग झुलसे हैं जिनका अस्पताल में उपचार जारी हैं।
बस में करीब 30 यात्री सवार थे। हादसे की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि, कुछ शव पूरी तरह जल चुके हैं और प्रशासन ने DNA मिलान के जरिए उनकी पहचान किए जाने की बात की है।
घटना बुधवार रात करीब 8.30 बजे की बताई जा रही हैं। गुना से आरोन जा रही सामने से आ रहे डंपर से टकरा गई ओर पलट गई। जिसके बाद उसमे आग लग गई। जैसे तैसे कुछ यात्री खिड़की तोड़कर बाहर निकले और बाकी फंस गए और जिंदा जल गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन व फायर ब्रिगेड मौके पर पहुँची। फायरकर्मियों ने करीब 2.30 से 3 घण्टे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बस से कुल 13 शव मिले जिसमे बस के अंदर से जो 9 शव निकाले गए उसमे 7 शव एक दूसरे से चिपके मिले। घटना की जानकारी मिलने पर कलेक्टर व एसपी घटनास्थल पर पहुँचे। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुना कलेक्टर तरुण राठी ने हादसे को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि 17 घायल लोगों अस्पताल में भर्ती कराया गया है,और वे सुरक्षित हैं.
हादसा कैसे हुआ, इस पर जिला कलेक्टर ने बताया कि डंपर से टक्कर के बाद बस पलटी खाकर सड़क से नीचे जा गिरी और उसमें तुरंत ही आग लग गई। आग भयानक थी, इसलिए कई यात्री इसकी जद में आ गए और जल कर मारे गए। हादसे में 17 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनका वहां इलाज जारी है। कई शव बुरी तरह जल चुके हैं, और चेहरा देखकर उनकी पहचान करना संभव नहीं है। इसलिए परिजन उन्हें पहचान नहीं पा रहे हैं।
उधर, प्रशासन हादसे कैसे हुआ और इसके जिम्मेदारों की जांच व खोजबीन में भी जुट गया है। डंपर के परमिट आदि की जानकारी भी निकाली जा रही है।
मध्य प्रदेश सीएम ने हादसे को लेकर शोक जताया है। X पर सीएम ने लिखा ‘गुना से आरोन जा रही बस में भीषण आग से यात्रियों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुःखद है. इस हृदय विदारक दुर्घटना में असमय मृत्यु को प्राप्त हुए दिवंगतों के परिजनों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं. दुःख की इस विकट परिस्थिति में प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है.’
हादसे की जांच के दिए आदेश
‘मैंने प्रशासन को घायल यात्रियों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने के साथ ही दुर्घटना की जांच के आदेश भी दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ। ।। ॐ शांति .’ मुख्यमंत्री ने मृतकों को 4-4 लाख,घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

More Stories
सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय कार्यपरिषद सदस्य डॉ. कुशवाह ने जन्मदिवस के अवसर पर सबसे पहले स्व गणना पोर्टल पर स्व गणना की
किसानों को गेहूँ विक्रय के लिये 30 अप्रैल तक स्लॉट बुकिंग की सुविधा : मंत्री राजपूत
CrPI सिस्टम/MCU के प्रभावी संचालन हेतु राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित