April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के एडिटेड वीडियो को लेकर गृह मंत्रालय की शिकायत दिल्ली पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

नईदिल्ली: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का एक एडिटेड वीडियो वायरल हो रहा हैं। इसे लेकर दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। गृहमंत्री के एडिटेड वीडियो को लेकर दिल्ली पुलिस को 2 शिकायतें मिली थीं। इसमें एक शिकायत बीजेपी की ओर से की गई थी, जबकि दूसरी शिकायत गृह मंत्रालय की तरफ से की गई थी। शिकायत पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल साइबर विंग IFSO यूनिट ने FIR दर्ज की है।

अमित शाह के एक वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है। इसके बाद एडिटेड वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है। एडिटेड वीडियो में गृहमंत्री को एससी/ एसटी और ओबीसी के लिए आरक्षण पर टिप्पणी करते हुए सुना जा सकता है। इस एडिटेड वीडियो को लेकर बीजेपी ने देशभर में एफआईआर दर्ज करने का फैसला किया है।

बीजेपी और गृह मंत्रालय की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने IPC की धारा 153/153A/465/469/171G और IT एक्ट की धारा 66C के तहत केस दर्ज किया हैं।

पुलिस को दी शिकायत में बीजेपी ने कहा कि अमित शाह ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षण खत्म करने को लेकर कोई बात नहीं की है। जो वीडियो वायरल किया जा रहा है वह फर्जी है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि मूल वीडियो में अमित शाह तेलंगाना में मुसलमानों को के लिए “असंवैधानिक” आरक्षण को हटाने पर चर्चा की थी।

दिल्ली पुलिस ने गृहमंत्री के एडिटेड वीडियो को लेकर X और फेसबुक को लैटर लिखा है। साथ ही दोनों सोशल मीडिया प्लेटफार्म से जानकारी मांगी है कि ये एडिटेड वीडियो किस अकाउंट से पोस्ट किया गया है।

Share to...