नर्मदापुरम: आम तौर पर दिन के समय भागवत कथा का पाठ सुनाया जाता है, जिसमें सैकड़ों धर्म प्रेमी भी पहुंचते हैं, लेकिन नर्मदापुरम के नर्मदा एवं तवा नदी के संगम स्थल बांद्राभान में इन दिनों ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 4 बजे से सुबह 7 बजे तक मां नर्मदा को भागवत कथा का पाठ सुनाया जा रहा है। करीब 200 वर्षों से आठवीं पीढ़ी इसका आयोजन कर रही है।
📖 सैकड़ों वर्षों से मां नर्मदा की सेवा
भागवत कथा का पाठ करने वाले पंडित संदीप तिवारी बताते हैं कि यह हमारी आठवीं पीढ़ी है, जो लगभग 200 वर्षों से निरंतर मां नर्मदा को भागवत जी का मूल पाठ सुनाया जा रहा है। इसका आयोजन प्रतिदिन ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 4 बजे से लेकर सुबह 7 बजे तक होता है। इस कार्यक्रम में कोई भी शामिल नहीं होता है, मूल रूप से इस आयोजन में हमारे परिवार के लोग रहते हैं और वही इस कार्यक्रम में शामिल होते हैं।
🎓 अंग्रेजों ने काशी के विद्वानों से कराई थी परीक्षा
संदीप तिवारी आगे बताते हैं कि दो सौ साल पहले हमारे पूर्वज पंडित जगन्नाथ तिवारी जी मां नर्मदा के भक्त थे। एक दिन मां नर्मदा जी के किनारे पर अपनी गायों को लेकर आए थे। इस दौरान वे स्नान करके पूजन पाठ कर रहे थे। इसी बीच एक अंग्रेज अफसर से उनकी भेंट हुई। अंग्रेज अफसर ने जगन्नाथ जी की विद्वता की परीक्षा लेने की सोची। इसके बाद अंग्रेज अफसर ने काशी के विद्वान ब्राह्मणों से मेरे पूर्वज का साक्षात्कार करवाया।
🌺 मां के आशीर्वाद से निरंतर परंपरा जारी
उन्होंने आगे बताया कि हमारे पूर्वज जगन्नाथ तिवारी जी को मां नर्मदा जी का आशीर्वाद प्राप्त हुआ। जगन्नाथ जी ने मां नर्मदा का आशीर्वाद लेकर काशी के विद्वानों के साथ साक्षात्कार में भाग लिया और उसमें सफल हुए। तभी से यह निरंतर परंपरा चली आ रही है, जिसके 200 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। हम अपने परिवार की आठवीं पीढ़ी हैं।
वे बताते हैं कि 200 सालों से इस आयोजन में हमारे द्वारा किसी भी प्रकार का सहयोग नहीं लिया जाता है। मूल रूप से इसका आयोजन हमारे परिवार द्वारा ही किया जाता है, इस दौरान अगर कोई श्रद्धाभाव से कुछ देना भी चाहता है तो मूल पाठ स्थान पर भेंट करते हैं। गोपाष्टमी से इस भागवत कथा का आयोजन शुरू होता है। इस बार 26 नवंबर को कार्तिक माह की पूर्णिमा के दूसरे दिन सुबह हवन पूजन के साथ कथा को विश्राम दिया जाएगा।

More Stories
Mohan Yadav Scindia Updates: 2020 की सरकार गिराने पर उठाए सवाल, सिंधिया के पुराने बयान पर किया पलटवार
England Series Schedule Updates: 26 नवंबर से शुरू होगी 5 टी-20 मैचों की सीरीज, वडोदरा व सूरत में मुकाबले
Supreme Court Ruling Updates: धार्मिक यात्रा संस्था को माना उपभोक्ता, सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का दिया हवाला