April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

पूर्व बीजेडी सांसद ममता मोहंता बीजेपी में हुई शामिल, कल ही दिया था बीजेडी राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा

ओडिशा: बीजू जनता दल की पूर्व सांसद ममता मोहंता आज गुरुवार को बीजेपी में शामिल हो गई।

ममता मोहंता ने बुधवार (31 जुलाई 2024) को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने उनके इस्तीफे को मंजूरी दी थी। इसके बाद बीजू जनता दल की पूर्व राज्यसभा सांसद ममता मोहंता गुरुवार (1 अगस्त 2024) को बीजेपी में शामिल हो गईं। मोहंता ने अपनी पार्टी बीजेडी से भी इस्तीफा दे दिया था। ममता मोहंता साल 2020 में राज्यसभा सांसद बनीं थीं और उनका कार्यकाल 2026 में खत्म होना था।

ममता मोहंता के इस्तीफे से खाली होने वाली सीट पर अब चुनाव होंगे तो विधानसभा में सदस्यों की संख्या के गणित से यह सीट बीजेपी के पक्ष में जाएगी। ओडिशा में राज्यसभा की 10 सीटें हैं। यहां बीजेपी सत्ता में काबिज तो है, लेकिन उसके खाते में राज्यसभा के सिर्फ एक सांसद हैं।

राज्यसभा के गणित को समझें तो मौजूदा में समय उच्च सदन में कुल सदस्यों की संख्या 245 है, लेकिन वर्तमान में 225 सांसद ही हैं। बीजेपी के पास राज्यसभा में 86 सांसद हैं। एनडीए सहयोगियों को मिला दें तो यह आंकड़ा 101 तक पहुंचता है जो कि बहुमत के आंकड़े 113 से कम है। राज्यसभा में बहुमत के आंकड़े के करीब पहुंचने के लिए बीजेपी को ओडिशा से मिलने वाली सीटें काफी महत्वपूर्ण है।

बीजेपी में शामिल होने के बाद ममता मोहंती ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोगों की सेवा करने के आदर्शों से प्रेरित होकर बीजेपी में शामिल हुई हूं। यह मेरा व्यक्तिगत फैसला है। मैंने किसी साजिश के तहत बीजेपी ज्वाइन नहीं किया है।

ममता मोहंता ने बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह और पार्टी के ओडिशा प्रभारी विजयपाल सिंह तोमर की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ली। उन्होंने कहा कि उन्हें काफी समय से बीजेडी में उपेक्षित किया जा रहा था।

Share to...