Farmer Protest : आंदोलनकारी किसानों और सरकार के बीच दिल्ली के विज्ञान भवन में चल रही 7वें दौर की बातचीत खत्म हो गई है। किसान नेता राकेश सिंह टिकैत ने कहा कि बैठक में केंद्र के तीनों कृषि कानूनों पर बातचीत हुई। एमएसपी पर सरकार ने कहा है कि वह 8 जनवरी को बात करेगी।
बैठक के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि आज आंदोलनकारी किसानों के साथ अच्छी चर्चा हुई। हम किसी निर्णय तक तो नहीं पहुंच सके, लेकिन यह फैसला लिया गया कि दोनों पक्ष 8 जनवरी को फिर बातचीत की टेबल पर बैठेंगे। किसानों का सरकार पर पूरा विश्वास बना हुआ है। किसानों का कहना है कि सरकार ही इस विवाद का कोई हल ढूंढे। जब इस प्रकार के मामले होते हैं तो फैसला लेने से पहले कई दौर की चर्चा करनी पड़ती है।
दिनभर चली बातचीत में किसान संगठन तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर अड़े रहे। वहीं सरकार ने आपत्ति वाले बिंदुओं को निकालकर उनमें सुधार करने की बात कही। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बैठक के दौरान किसानों से बार.बार अपील की कि वे इन सुधारों के लिए मान जाएं।
बैठक के बाद किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि जब तक सरकार एमएसपी पर गारंटी और तीनों कानूनों को वापिस नहीं ले लेती, तब तक हम यहीं रहेंगे। चाहे सरकार कोई भी समिति गठित कर ले। वहीं भारतीय किसान सभा के नेता हन्नान मोल्लाह ने कहा कि मानवीय दृष्टिकोण से सरकार को विचार करना चाहिए और किसानों की समस्या को सुलझाना चाहिए। सोनिया गांधी अपना ओपिनियन दे सकती हैं, लेकिन यह आंदोलन किसानों का है और यहां किसान ही जीतेगा।

More Stories
अब तक 2938 स्थानों पर हुई जाँच, 4547 गैस सिलेण्डर किये गये जब्त
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में ऊर्जा विभाग बना नबंर-1 : ऊर्जा मंत्री तोमर
इंदौर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 30 करोड़ की शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त, 12 मकान हटाए गए