May 13, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

संभागायुक्‍त सिंह की अध्यक्षता में सिंहस्थ 2028 के निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित

उज्जैन: उज्जैन संभागायुक्‍त सह सिंहस्‍थ मेला अधिकारी आशीष सिंह ने सिंहस्‍थ 2028 के निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा के दौरान निर्माण कार्य कराने वाले अधिकारियों को निर्देश दिए कि‍ आगामी दिनों में वर्षा ऋतु प्रारंभ होना है। वर्तमान समय महत्वपूर्ण है इस दौरान सिंहस्‍थ के निर्माणाधीन कार्यों को पूर्ण करने के लिए सभी विभाग अपनी प्राथमिकता तय कर लें। जहां भी कार्य की गति धीमी है वहां अन्य टीमें लगाकर कार्य की गति तेज करें और परिणाम दें। बैठक में कलेक्टर रौशन कुमार सिंह भी मौजूद थे।

सिंहस्थ मेला कार्यालय के सभागार में सिंहस्‍थ 2028 के अंतर्गत प्रचलित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक संभागायुक्त आशीष सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में स्मार्ट सिटी, नगर निगम और उज्‍जैन विकास प्राधिकरण के प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान स्‍मार्ट सिटी द्वारा निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा करते हुए श्री महाकालेश्‍वर मंदिर के समीप प्रचलित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

संभागायुक्‍त सिंह ने निर्देश दिए कि‍ आगे बारिश के मौसम के साथ ही श्रावण का महीना भी प्रारंभ हो जाएगा। ऐसे में श्री महाकाल मंदिर के आसपास निर्माण कार्यों की गति बढ़ाकर श्रावण माह के पहले कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य तय करें। नगर निगम द्वारा कंठाल चौराहा से सतीगेट तक मार्ग चौड़ीकरण कार्य के संबंध में जानकारी दी कि चौड़ीकरण कार्य के लिए कंठाल चौराहा से सतीगेट तक का कार्य प्रगतिरत है। चौड़ीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद मार्ग के दोनों ओर नाली निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाए।

कलेक्टर सिंह ने निर्देश दिए कि‍ आगामी बैठक के पहले कंठाल चौराहा से सतीगेट तक नाली निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाए। नगर निगम द्वारा पानी की टंकी से ढ़ाबारोड़ रोड की और मार्ग चौड़ीकरण कार्य के अंतर्गत पेयजल की लाईन जोड़ने और पोल शिफ्टिंग का कार्य प्रगतिरत है। इसी तरह टंकी चौक से ढ़ाबारोड़ सत्‍यनारायण मंदिर तक मार्ग चौड़ीकरण कार्य में तेजी लाने के लिए संभागायुक्‍त सिंह ने निर्देश दिए कि 03 अलग-अलग टीमें लगाकर कार्य की गति बढ़ाई जाए।बैठक में खजूर वाली मस्जिद से केडी गेट तक मार्ग चौड़ीकरण कार्य की प्रगति की जानकारी दी गई। इसी तरह नगर निगम के माध्‍यम से नक्षत्र होटल से श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर तक सीमेंट कांक्रीट रोड़ निर्माण कार्य की जानकारी देते हुए बताया गया कि मार्ग निर्माण के पहले सिवरेज लाईन का कार्य प्रगतिरत है।

संभागायुक्‍त सिंह ने समीक्षा बैठक के दौरान सभी विभागों को निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु प्रारंभ होने के पहले के यह डेढ़ माह का समय अत्‍यंत महत्‍वपूर्ण है। इन दिनों में कार्यों की प्राथमिकता तय कर बारि‍श के पहले किए जाने वाले कार्य पूर्ण कराए जाए। संभागायुक्‍त सिंह ने निर्देश दिए कि सभी विभागीय अधिकारी प्रगतिरत कार्यों के लिए मौके पर स्थिति देखकर वरिष्‍ठ अधिकारियों से चर्चा कर शीघ्र पूर्ण करने का लक्ष्‍य तय कर लें। छोटी-छोटी समस्‍याओं के लिए कार्य की प्रगति को प्रभावित न होने दें।

संभागायुक्‍त सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा का ध्‍यान रखने और निर्माण क्षेत्र में आवश्‍यक बेरिकेडिंग लगाकर सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

बैठक में विशेष कर्तव्‍यस्‍थ अधिकारी गोपाल डाड, नगर निगम आयुक्‍त अभिलाष मिश्रा, यूडीए सीईओ संदीप सोनी, स्‍मार्ट सिटी सीईओ संदीप सोनी सहित अन्‍य अधिकारी उपस्थित रहें।

Share to...