April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

कूनो नेशनल पार्क में दक्षिण अफ्रीकी चीता उदय की मौत, वन विभाग ने की पुष्टि, आज होगा चीता उदय का पोस्टमार्टम, मौत का कारण अज्ञात

मप्र के कूनो नेशनल पार्क में एक और चीते की मौत हो गई। चीते की मौत की खबर के बाद कूनो नेशनल पार्क के अधिकारी सकते में आ गए। जिस चीते की मौत हुई हैं उसका नाम उदय बताया जा रहा है इसे दक्षिण अफ्रीका से कूनो पार्क लाया गया था। इससे पहले मादा चीता शासा की मौत हो गई थी। जिसके बाद अब ‘चीता प्रोजेक्ट’ को एक औऱ झटका लगा है।

वन विभाग की तरफ से बताया गया है कि सुबह के वक्त करीब 9 बजे नर चीता उदय सिर झुका कर सुस्त अवस्था में बैठा पाया गया है। चीता के करीब जाने पर वो उठकर लड़खड़ाकर एवं गर्दन झुका कर चलता पाया गया। इसके बाद उसकी हालत की जानकारी वन्यप्राणी चिकित्सकों को दी गई थी। इसके बाद चीता उदय का निरीक्षण किया गया और प्रथम दृष्टया वो बीमार पाया गया था।

इसके बाद इलाज के लिए नर चीता को ट्रैकुलाइज किया गया था। सुबह करीब 11 बजे चीता को बेहोश करने के बाद उसका उपचार किया गया था। चीता के स्वास्थ्य को देखते हुए उसे आइसोलेशन वार्ड में आगे के उपचार और निगरानी के लिए रखा गया था। लेकिन शाम 4 बजे चीता उदय ने दम तोड़ दिया। नर चीता की मौत की वजह का अभी पता नहीं चल सका है।

आपको बता दें कि मार्च के महीने में कूनो नेशनल पार्क में मादा चीता शासा की मौत हो गई थी। मादा चीता किडनी और लिवर से जुड़े संक्रमण से जूझ रही थी। मादा चीता साशा का क्रिएटिनिन स्तर 400 से ज्यादा पाया गया था। यह बात भी सामने आई थी कि नामीबिया से लाए जाने से पहले से ही साशा की तबीयत खराब थी। बताया गया था कि मादा चीता साशा खाना नहीं खा रही थी और सुस्त रह रही थी।

दो महीने में कूनो में दो चीतों की मौत से भारत में चीतों की आबादी बढ़ाए जाने के लिए चलाए जा रहे चीता प्रोजेक्ट को बड़ा झटका लगा है।

अभी हाल ही में कूनो नेशनल पार्क से एक चीता ओबान बाहर आ गया था। वो कूनो के आसपास के गांवों में पहुंच गया था और उससे भयभीत होकर लोग लाठी-डंडा लेकर घूम रहे थे। जब इस बात की सूचना वन विभाग को लगी थी तो किसी तरह ओबान को कूनो में पहुंचाया गया था। कुछ दिनों पहले ही नामीबिया से लाए गए 12 और चीतों को बड़े बाड़े में रिलीज भी किया गया है।

उदय दक्षिणी अफ्रीकी चीता था जिसे इसी साल 18 फरवरी को 11 अन्य चीतों के साथ कूनो पार्क लाया गया था। वेटनरी टीम आज सोमवार को उदय के शव का पोस्टमार्टम करेंगी। भोपाल और जबलपुर से वेटनरी विशेषज्ञों को पोस्टमार्टम के लिए कूनो भेजा गया हैं। पूरे पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की जाएंगी।

Share to...