हीना तिवारी, उज्जैन : बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में आज उत्सव जैसा नजारा नजर आया। हर ओर खुशी व लोगो में उत्साह चरम पर था। शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया था। मौका था प्रदेश के नव नियुक्त मुख्यमंत्री उज्जैन दक्षिण से विधायक डॉ मोहन यादव के प्रथम नगर आगमन का। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के स्वागत सम्मान के लिए उज्जैन को सजाया गया। पूरा शहर बधाइयों के होर्डिंग बैनर पोस्टर से पटा नजर आया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दशहरा मैदान से प्रारम्भ हुई स्वागत यात्रा में मुख्यमंत्री का जगह-जगह आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री की स्वागत यात्रा दशहरा मैदान से होते हुए सुराना पैलेस होटल, कंट्रोल रूम तिराहा, वर्षा झोन कॉर्नर से फ्रीगंज गुरूद्वारा होते हुए निखार फैशन की ओर बढ़ी। शहर के विभिन्न मार्गों में लोगों ने कतारबद्ध होकर अपने प्रिय मुख्यमंत्री पर पुष्पों की वर्षा की। छतों से, गैलरी से, स्वागत मंचों से लोगों ने पुष्पों की वर्षा की। शहर में लगभग 300 स्वागत मंच बनाये गये थे।
मुख्यमंत्री की यात्रा आगे शहीद पार्क सर्कल, टॉवर चौक होते हुए तीन बत्ती चौराहा पहुंची। सभी जगह विभिन्न समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय अभिनन्दन किया। हर कोई अपने प्रिय मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिये आतुर नजर आया। जनता अपने प्रिय मुख्यमंत्री को अपने समीप देख आनन्द से आल्हादित हो गई। यात्रा आगे सिंधी कॉलोनी तिराहा से शास्त्री नगर, विवेकानंद कॉलोनी से लोटि स्कूल चौराहा पहुंची। यात्रा मार्गों पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, संगठनों, जनप्रतिनिधियों, आम नागरिकों, शहरवासियों ने मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का पुष्पहारों से आत्मीय स्वागत किया।
रथ पर सवार होकर मुख्यमंत्री डॉ.यादव जब विभिन्न स्थानों से होकर गुजरे तो लोगों ने मुख्यमंत्री का उत्साह से स्वागत किया तो मुख्यमंत्री यादव ने भी हाथ जोड़कर उनका आभार माना।
स्वागत यात्रा आगे धन्नालाल की चाल, फ्रीगंज, चामुण्डा माता चौराहा, देवासगेट, मालीपुरा, दौलतगंज, नईसड़क से होते हुए कंठाल चौराहा, सराफा पहुंची।
रथ पर मुख्यमंत्री के साथ सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सतीश मालवीय, आलोट विधायक चिंतामणि मालवीय, महापौर मुकेश टटवाल, पूर्व विधायक पारस जैन, यूडीए अध्यक्ष श्याम बंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधि सवार थे।
सम्पूर्ण स्वागत यात्रा के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कमला कुंवर, विवेक जोशी, बहादुर सिंह बोरमुंडला, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, दिलीप सिंह शेखावत, शान्तिलाल धबाई, राजेन्द्र भारती, बहादुर सिंह चौहान, विशाल राजौरिया, सनवर पटेल, राजपाल सिंह सिसौदिया, जगदीश पांचाल, पूर्व नगर निगम सभापति सोनू गेहलोत, अशोक प्रजापत, वीरेन्द्र कावड़िया, रूप पमनानी, ओम जैन, जगदीश अग्रवाल, शिवेन्द्र तिवारी, हेमन्त व्यास, इकबाल सिंह गांधी, जिला पंचायत सदस्य शोभाराम मालवीय, पार्षद, जनप्रतिनिधि आदि अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के स्वागत रैली की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी सजग नजर आया। मुख्यमंत्री की स्वागत रैली करीब 7 किमी लंबी थी। जगह जगह भव्य स्वागत किया गया। दशहरा मैदान से शुरू हुई स्वागत रैली गोपाल मंदिर के पास समाप्त हुई।

More Stories
सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय कार्यपरिषद सदस्य डॉ. कुशवाह ने जन्मदिवस के अवसर पर सबसे पहले स्व गणना पोर्टल पर स्व गणना की
किसानों को गेहूँ विक्रय के लिये 30 अप्रैल तक स्लॉट बुकिंग की सुविधा : मंत्री राजपूत
CrPI सिस्टम/MCU के प्रभावी संचालन हेतु राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित