मुंबई: मुंबई में सीएट क्रिकेट रेटिंग अवॉर्ड्स का आयोजन किया गया। इस दौरान भारतीय टीम के साथ-साथ कई इंटरनेशनल खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। सीएट क्रिकेट रेटिंग अवॉर्ड्स के दौरान टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को एक कप्तान के तौर पर भारत को 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी जीताने के लिए एक विशेष स्मृति चिन्ह दिया गया, जबकि श्रेयस अय्यर को 50 ओवर की टूर्नामेंट में किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा सर्वाधिक रन बनाने के लिए स्मृति चिन्ह दिया गया।
टीम इंडिया को 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में विजेता बनाने वाले रोहित शर्मा को समारोह में विशेष स्मृति चिन्ह दिया गया, जबकि उसी टूर्नामेंट में भारत की ओर से सबसे अधिक रन बनाने वाले श्रेयस अय्यर को ‘सिएट जियोस्टार अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
इस साल टी20 में टीम इंडिया के 2 स्टार छाए रहे। संजू सैमसन और वरुण चक्रवर्ती। टी20 फॉर्मेट में भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष T20I बल्लेबाज का अवॉर्ड मिला। वहीं, रहस्यमयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए साल के सर्वश्रेष्ठ T20I गेंदबाज का अवॉर्ड दिया गया।
विदेशी खिलाड़ियों की बात करें तो इंग्लैंड के जो रूट को साल का सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय पुरुष क्रिकेटर घोषित किया गया। उनके साथी खिलाड़ी हैरी ब्रुक को साल का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट बल्लेबाज, जबकि श्रीलंका के स्पिनर प्रभात जयसूर्या को साल का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट गेंदबाज चुना गया है।
महिला वर्ग में भारत की दो स्टार खिलाड़ियों ने अवॉर्ड्स पर कब्जा जमाया। स्मृति मंधाना को ‘साल की सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय महिला बल्लेबाज’ का सम्मान मिला, जबकि दीप्ति शर्मा को ‘साल की सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय महिला गेंदबाज’ घोषित किया गया।
घरेलू क्रिकेट में भी भारतीय खिलाड़ियों का बोलबाला रहा। विदर्भ के हर्ष दुबे को रणजी ट्रॉफी 2024-25 सीजन में 69 विकेट लेकर नया रिकॉर्ड बनाने के लिए साल का सर्वश्रेष्ठ घरेलू क्रिकेटर घोषित किया गया। वहीं, मुंबई के युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी को साल का सर्वश्रेष्ठ उभरता हुआ खिलाड़ी का अवॉर्ड मिला।
समारोह का सबसे भावुक पल तब आया जब वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा और भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर बी.एस. चंद्रशेखर को क्रिकेट में उनके ऐतिहासिक योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। एक मंच पर सभी विनर्स मौजूद थे। यह कार्यक्रम फैंस के लिए खास बन गया, क्योंकि उन्होंने क्रिकेट के दिग्गजों को एक साथ मंच पर देखा।
CEAT क्रिकेट रेटिंग अवॉर्ड्स 2025 विनर्स की पूरी लिस्ट
चैंपियंस ट्रॉफी विशेष सम्मान-रोहित शर्मा
साल का सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय पुरुष क्रिकेटर-जो रूट
साल का सर्वश्रेष्ठ T20I बल्लेबाज- संजू सैमसन
साल का सर्वश्रेष्ठ T20I गेंदबाज- वरुण चक्रवर्ती
सिएट जियोस्टार अवॉर्ड- श्रेयस अय्यर
साल का सर्वश्रेष्ठ पुरुष ODI बल्लेबाज- केन विलियमसन
साल का सर्वश्रेष्ठ पुरुष ODI गेंदबाज- मैट हेनरी
साल का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट बल्लेबाज- हैरी ब्रुक
साल का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट गेंदबाज-प्रभात जयसूर्या
साल की सर्वश्रेष्ठ महिला बल्लेबाज- स्मृति मंधाना
साल की सर्वश्रेष्ठ महिला गेंदबाज- दीप्ति शर्मा
साल का सर्वश्रेष्ठ घरेलू क्रिकेटर- हर्ष दुबे
साल का सर्वश्रेष्ठ उभरता खिलाड़ी- अंगकृष रघुवंशी
एक्ज़ेम्पलरी लीडरशिप अवॉर्ड- टेम्बा बावुमा
लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड- ब्रायन लारा, बी.एस. चंद्रशेखर

More Stories
आबकारी इंदौर की अवैध मदिरा परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई, 55 हजार रुपये से अधिक कीमत की मदिरा और वाहन जप्त
अक्षय तृतीया पर बाल विवाह रोकने राज्य सरकार ने उठाये कदम, विशेषज्ञों ने संबद्ध अधिकारियों को दिया ऑनलाइन प्रशिक्षण
आरटीई के अंतर्गत चयनित स्कूलों में अब 25 अप्रैल तक अभिभावक विद्यार्थियों का करा सकेंगे एडमिशन