नईदिल्ली: दिल्ली में सीबीआई की टीम ने बच्चा चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने चाइल्ड ट्रैफिकिंग के मामले में देश की राजधानी में कई जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान दिल्ली के केशवपुरम इलाके में स्थित एक घर से तीन नवजात शिशुओं को बचाया गया है। इस मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
सीबीआई ने दिल्ली के केशव पुरम इलाके में छापेमारी के बाद मानव तस्करी गैंग में शामिल सभी 7 आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। इसके साथ ही आरोपियों की 4 दिन की रिमांड भी हासिल कर ली है। इस रैकेट के मास्टरमाइंड नीरज और इंदु हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में अस्पताल के वार्ड बॉय समेत कुछ
महिला और पुरुष शामिल हैं।
अब तक की जांच के मुताबिक, ये अस्पतालों से बच्चों को चोरी नहीं करते थे। ये गरीब लोगों की सहमति से या जिन लोगों को पैसों की जरूरत होती थी, उनसे बच्चे खरीद लेते थे। कई बार ये गरीबों से एडवांस में बच्चे ले लिया करते थे फिर आगे निःसंतान लोगों को बेचते थे। सीबीआई अब बरामद बच्चों की डिटेल्स खंगाल रही है।
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक मानव तस्करी के इस काले धंधे में कई लोग शामिल हैं। नवजात बच्चों को काले बाजार में वस्तुओं के रूप में खरीदा और बेचा जा रहा था। सीबीआई फिलहाल इसमें शामिल सभी पक्षों से पूछताछ कर रही है, जिसमें बच्चों को बेचने वाली महिला और खुद खरीदने वाले दोनों शामिल हैं।
विदित हो कि सीबीआई ने शनिवार (6 अप्रैल) को दिल्ली में कई जगहों पर मानव तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन चलाते हुए छापेमारी की। सीबीआई ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में सात से आठ बच्चों की तस्करी में शामिल व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक अस्पताल का वार्ड बॉय और कई अन्य महिलाएं शामिल हैं। सीबीआई सूत्रों के मुताबिक, पिछले महीने ही करीब 10 बच्चे बेचे गए हैं और कुल मिलाकर 7 लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया हैं।
बताया जा रहा है कि दिल्ली में मानव तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ होने के बाद सीबीआई जांच अब कई राज्यों तक पहुंच गई है, कई प्रमुख अस्पताल गहन जांच के दायरे में आ गए हैं। सूत्रों ने बताया कि नवजात बच्चों को 4 से 5 लाख रुपये तक की बड़ी रकम लेकर बेचा जा रहा था।
फिलहाल सभी आरोपियों को रिमांड पर लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही हैं।

More Stories
सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय कार्यपरिषद सदस्य डॉ. कुशवाह ने जन्मदिवस के अवसर पर सबसे पहले स्व गणना पोर्टल पर स्व गणना की
किसानों को गेहूँ विक्रय के लिये 30 अप्रैल तक स्लॉट बुकिंग की सुविधा : मंत्री राजपूत
CrPI सिस्टम/MCU के प्रभावी संचालन हेतु राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित