April 26, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

बसपा सांसद रितेश पांडे ने थामा भाजपा का दामन, आज ही सौपा था बसपा सुप्रीमो को इस्तीफा

नईदिल्ली: लोकसभा चुनाव से पहले बसपा सुप्रीमो मायावती को बड़ा झटका लगा हैं। अंबेडकर नगर से बहुजन समाज पार्टी के लोकसभा सांसद रितेश पांडे ने आज भाजपा का दामन थाम लिया है। बीजेपी दफ्तर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बीजेपी के यूपी प्रभारी बैजयंत पांडा, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने उनका स्वागत किया। सांसद पांडे ने आज ही बसपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था।

रितेश पांडेय उन 9 सांसदों में शामिल थे, जिन्होंने संसद के बजट सत्र के दौरान संसद भवन की कैंटीन में लंच किया था। कहा जा रहा है कि बीजेपी रितेश पांडे को अंबेडकरनगर से टिकट दे सकती है। राजनीतिक परिवार से आने वाले रितेश के पिता राकेश पांडे समाजवादी पार्टी से विधायक हैं।

मायावती को भेजे अपने इस्तीफे में रितेश पांडे ने लिखा, ‘जब मैंने बसपा ज्वॉइन की तो आपका मार्गदर्शन मिला और पार्टी पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं ने हरसंभव सहयोग दिया। पार्टी ने मुझे यूपी विधानसभा और लोकसभा में प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया और संसदीय दल के नेता के रूप में भी कार्य करने का अवसर दिया। इस विश्वास के लिए मैं आपके, पार्टी के और पार्टी कार्यकर्ताओं तथा समर्थकों के प्रति हृदय की गहराईयों से आभार प्रकट करता हूं। लेटर में उन्होंने आगे लिखा, ‘लंबे समय से मुझे न तो पार्टी की बैठकों में बुलाया जा रहा था और न ही नेतृत्व के स्तर पर संवाद किया जा रहा था। मैंने आपसे तथा शीर्ष पदाधिकारियों से संपर्क करने के लिए, भेंट करने के अनगिनत प्रयास किए लेकिन कोई हल नहीं निकला। इस दौरान में अपने क्षेत्र में लोगों से और पार्टी कार्यकर्ताओं से लगातार मिलता रहा। मैं इस निष्कर्ष पर पहुंचा हूं कि पार्टी को मेरी सेवा और उपस्थिति की अब कोई जरूरत नहीं है इसलिए मेरे पास पार्टी से इस्तीफा देने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। पार्टी से नाता तोड़ने का फैसला भावात्मक रूप से कठिन फैसला है। आपसे आग्रह है कि मेरे इस त्यागपत्र को अविलंब स्वीकार किया जाए। मैं आपके और पार्टी के प्रति पुनः आभार व्यक्त करता हूं तथा शुभकामनाएं प्रेषित करता हूं।

Share to...