जबलपुर। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनता से सीधा संवाद बढ़ाने के लिए सेवा दूत अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत सभी 230 विधानसभा सीटों पर पार्टी के नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता अपने विधानसभा क्षेत्र से बाहर दूसरे क्षेत्रों में प्रवास कर जनता के बीच सेवा गतिविधियां संचालित करेंगे। इसी सिलसिले में जबलपुर में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें BJP प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शामिल हुए।
BJP नेता और कार्यकर्ता अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र से बाहर निकलकर दूसरे इलाकों में 25 दिनों तक डेरा डालेंगे और जनता की नब्ज टटोलेंगे। अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में जाकर स्थानीय लोगों से संवाद करने, सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों से फीडबैक लेने, बूथ स्तर पर संगठन की स्थिति समझने और सामाजिक सेवा गतिविधियों में भाग लेने की जिम्मेदारी दी जाएगी। स्वच्छता, नशामुक्ति जागरूकता, नवमतदाता संपर्क और जनसमस्याओं को सुनने जैसे कार्यक्रम भी अभियान का हिस्सा होंगे।
🗺️ सभी 230 विधानसभा में उतरेंगे भाजपाई
BJP का उद्देश्य इस अभियान के जरिए प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की सक्रियता बढ़ाना, कमजोर बूथों की पहचान करना और कार्यकर्ताओं को जनता के बीच अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। दूसरे क्षेत्रों में प्रवास करने वाले कार्यकर्ता स्थानीय संगठन के साथ समन्वय कर जनता की समस्याओं और संगठनात्मक स्थिति की रिपोर्ट तैयार करेंगे। पार्टी इस फीडबैक के आधार पर जमीनी स्तर पर अपनी गतिविधियों को मजबूत करने की रणनीति तैयार करेगी।
यह अभियान एक ऑनलाइन ऐप से जुड़ा हुआ है, जिसमें कार्यकर्ता को जानकारियां भरनी हैं। अंत में इसमें लगभग 50 आम लोगों के मोबाइल नंबर भी डालने हैं। इसी का प्रशिक्षण जबलपुर में प्रदेश के भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन मंत्री ने दिया। इसमें जबलपुर संभाग के लगभग 200 से ज्यादा कार्यकर्ता शामिल हुए।
⚖️ कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च पर साधा निशाना
जबलपुर में कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च को लेकर BJP प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को भी चुनाव में हराया था।” खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि “जिस व्यक्ति ने अंबेडकर को चुनाव में हराया, उसे बाद में राष्ट्रीय सम्मान दिया गया। इससे कांग्रेस की संविधान के प्रति श्रद्धा स्पष्ट होती है।” उन्होंने कहा कि “कांग्रेस संविधान रक्षा मार्च निकाल रही है, लेकिन उसके अपने इतिहास में संविधान निर्माता के साथ किए गए व्यवहार पर सवाल हैं।” खंडेलवाल ने दावा किया कि कांग्रेस के इस मार्च से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।
🎯 मिशन 2028 की तैयारियों में जुटी भाजपा
मध्य प्रदेश में 2028 में विधानसभा के चुनाव होंगे। जिसकी तैयारियां BJP ने अभी से शुरू कर दी हैं। भारतीय जनता पार्टी का यह अभियान भी एक माइक्रो मैनेजमेंट है। जिसमें एक स्थान के कार्यकर्ता को दूसरे स्थान पर पहुंचा जा रहा है और यह एक्सटर्नल इनविजिलेटर नई विधानसभा का पूरा कच्चा चिट्ठा संगठन तक पहुंचा देगा। इसके बाद संगठन में जहां कमजोरी होगी वहां पार्टी अलग से काम करेगी। इसके साथ ही लोगों को इस बात को याद दिलाया जा रहा है कि आपको सरकार की किस योजना से क्या फायदा हो रहा है, ताकि जनता को भी वोट डालते वक्त यह याद रहे कि यह सुविधा आपको भारतीय जनता पार्टी की वजह से मिली।

More Stories
Chhatarpur Local Updates: शहर से बाहर जाने वाली बारात पर भी लागू रहेगा नियम, सादगी से शादी करने की अपील
PDS Scam Updates: खाद्य मंत्री ने गठित की जांच टीम, 7 दिन में मांगी रिपोर्ट; कंप्यूटर से पेस्ट किए गए थे हस्ताक्षर-सील
Clarification Press Note Updates: जहरीली शराब से मौतों के बाद दबाव में आया प्रशासन, स्वास्थ्य परीक्षण को शराब से जोड़ने की खबर को बताया भ्रामक