ओडिशा: ओडिशा में नवनिर्वाचित भारतीय जनता पार्टी सरकार ने बुधवार को पुरी के श्री जगन्नाथ मंदिर के सभी चार द्वारों को फिर से खोलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सरकार ने मंदिर से जुड़े अहम मुद्दों की देखभाल के लिए 500 करोड़ रुपये के विशेष कोष का भी ऐलान किया। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ चारों द्वारों के खुलने के साक्षी बनने के लिए जगन्नाथ मंदिर पहुंच चुके हैं।
प्रस्ताव को मंजूरी देने के बाद मोहन चरण माझी ने मीडिया से कहा, “राज्य सरकार ने गुरुवार सुबह सभी मंत्रियों की मौजूदगी में पुरी जगन्नाथ मंदिर के सभी चार द्वार फिर से खोलने का फैसला किया है। श्रद्धालु सभी चार द्वारों से मंदिर में प्रवेश कर सकेंगे।
मांझी ने आगे कहा कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को द्वार बंद होने की वजह से परेशानी हो रही थी और हाल ही में लिए गए फैसले से उनकी यात्रा आसान हो जाएगी।
गौरतलब है कि बीजेपी ने अपने विधानसभा चुनाव घोषणापत्र में भी जगन्नाथ मंदिर के सभी द्वार खोलने का वादा किया था।
कोविड- 19 महामारी के बाद से ही बीजेडी की पिछली सरकार ने मंदिर के चारों द्वार बंद रखे थे। श्रद्धालु केवल एक द्वार से ही प्रवेश कर सकते थे और सभी द्वार खोलने की मांग की जा रही थी।
इससे पहले बुधवार को, चार बार के विधायक और क्योंझर जिले के आदिवासी नेता मोहन चरण माझी ने भुवनेश्वर में एक समारोह में ओडिशा के पहले बीजेपी मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री शामिल हुए।

More Stories
सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय कार्यपरिषद सदस्य डॉ. कुशवाह ने जन्मदिवस के अवसर पर सबसे पहले स्व गणना पोर्टल पर स्व गणना की
किसानों को गेहूँ विक्रय के लिये 30 अप्रैल तक स्लॉट बुकिंग की सुविधा : मंत्री राजपूत
CrPI सिस्टम/MCU के प्रभावी संचालन हेतु राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित