भोपाल। जहांगीराबाद पुलिस ने सुभाष नगर मेट्रो डिपो के पास कार सवार मेट्रो सुपरवाइजर और उनके साथियों पर हमला कर मोबाइल लूटने वाले पांच आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने कार के शीशे डंडों से तोड़ दिए थे। विरोध करने पर युवकों से बेरहमी से मारपीट की और चाकू दिखाकर दो मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दोनों मोबाइल, लोहे की छुरियां, तार कटर, प्लास, एक्स-रे ब्लेड और टूटा हुआ ताला बरामद किया है।
🔪 ऑटो में सवार होकर आए बदमाशों ने की तोड़फोड़: पैसे न मिलने पर छीन लिए दो मोबाइल
पुलिस के अनुसार आचार्य नरेंद्र देव नगर निवासी वीरेंद्र सिंह राजपूत मेट्रो में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। 11 सितंबर की रात करीब 12:30 बजे वह अपने साथी बंटी अहिरवार और रोहित अहिरवार के साथ कार में सुभाष नगर मेट्रो डिपो के पास बैठे थे।
इसी दौरान जिंसी की तरफ से ऑटो में सवार होकर आए बदमाशों ने कार को घेरकर गाली-गलौज शुरू कर दी और डंडों से कार के आगे व दाहिनी तरफ के शीशे फोड़ दिए। इस हमले में वीरेंद्र और बंटी घायल हो गए। इसके बाद बदमाशों ने रंगदारी में रुपये मांगे और पैसे नहीं मिलने पर कार में रखे दो मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
📹 CCTV फुटेज और मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग: जहांगीराबाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामला दर्ज होने के तुरंत बाद थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार ने उपनिरीक्षक कमलेश यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले।
लूटे गए मोबाइल फोन की लाइव लोकेशन और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस आरोपियों के ठिकाने तक पहुंचने में कामयाब रही।
🚔 अर्जुन नगर बस्ती से दबोचे गए आरोपी: दो के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस टीम ने अर्जुन नगर बस्ती में घेराबंदी कर शहबाज खान उर्फ सब्बू (28), रेहान खान (20), बादशाह उर्फ नजर (24), अयान खान (18 वर्ष 6 माह) और मेहफूज खान (18 वर्ष 5 माह) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में से रेहान के खिलाफ 7 और बादशाह के खिलाफ 3 आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।

More Stories
Mohan Bhagwat Ujjain Speech: “रिलीजन और धर्म में जमीन-आसमान का अंतर”; उज्जैन में बोले RSS प्रमुख मोहन भागवत
Jabalpur PM Modi Birthday: जबलपुर में मां नर्मदा के तट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ महोत्सव; 1.11 लाख दीपों से रोशन हुआ ग्वारीघाट
Guna Smart City Update: गेल और HFCL के CSR फंड से संवरेगा गुना; सिंधिया ने दिए ₹30.47 करोड़ के सौंदर्यीकरण प्रोजेक्ट की सौगात