April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाये – कलेक्टर नीरज सिंह

उज्जैन: आज मंगलवार दोपहर में उज्जैन के प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में कलेक्टर नीरज कुमार सिंह उज्जैन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों के साथ बैठक लेकर उनसे परिचय प्राप्त कर उनसे रूबरू हुए। उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत, पानी, सड़क, यातायात सुविधा आदि विषयों पर चर्चा की।

इस पर कलेक्टर ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये कि उक्त सभी बिन्दुओं पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। उद्योग हमारे लिये बहुत ही उपयोगी है। इन्हें प्रशासन का पूरा सहयोग मिलेगा।

बैठक में कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने सर्वप्रथम सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों से परिचय प्राप्त किया। कलेक्टर ने बारी-बारी से उद्यमियों से पूछा कि शासन स्तर पर आपकी क्या-क्या आवश्यकताएं हैं। इस पर सबने अपनी-अपनी समस्याएं बताई। औद्योगिक क्षेत्रों के उद्यमियों की एसोसिएशन की कमेटी का गठन कर गठित कमेटी में प्रशासनिक अधिकारी को शामिल किया जाये और समस्याओं के आवेदन प्रस्तुत किये जायें। इस कमेटी की प्रत्येक माह बैठक आयोजित करने के निर्देश दिये। औद्योगिक क्षेत्र के वेस्ट की रिसाइकलिंग करने हेतु अलग से क्षेत्र बनाया जाये।

बैठक में वाटर सप्लाइ, विद्युत सप्लाइ की व्यवस्था की समस्या के सम्बन्ध में एमपीईबी के अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने औद्योगिक क्षेत्र के अधिकारी एवं एमपीईबी के नामित अधिकारी संयुक्त भ्रमण करें और समस्या का निराकरण किया जाये। दाऊदखेड़ी में विद्युत ग्रिड निर्माणाधीन है, उसे समय पर पूर्ण करने के निर्देश विद्युत विभाग के अधिकारी को दिये। इसी तरह नजूल विभाग द्वारा अनापत्ति प्रमाण-पत्र जारी किया जाता था, उसे पुन: प्रमाण-पत्र जारी कराया जाये। इसी तरह आगर रोड उद्योगपुरी में सड़क बन गई है परन्तु स्ट्रीट लाईट न होने और कचरा उठाने की गाड़ी न आने की समस्या पर कलेक्टर ने सम्बन्धित नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिये कि उक्त समस्या का निराकरण किया जाये। उन्होंने निर्देश दिये कि यूएमसी एप पर शिकायतों का डाटा उन्हें प्रतिदिन उपलब्ध कराया जाये। इस सम्बन्ध में डाटा अपडेट और समस्या का निराकरण न करने वाले अधिकारी को शोकाज नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब प्रस्तुत किया जाये। इसी तरह एमपीईबी से विद्युत बिल समय पर मैसेज न मिलने से कठिनाई आती है, उसका निराकरण किया जाये।

कलेक्टर ने सम्बन्धित अधिकारी को निर्देश दिये कि समय पर विद्युत बिल के मैसेज सम्बन्धित उपभोक्ताओं को दिया जाये।

बैठक में मेडिकल डिवाइस पार्क का विस्तारीकरण एवं नई संभावनाएं, ताजपुर औद्योगिक क्षेत्र में संरचनात्मक विकास, यातायात समस्या आदि बिन्दुओं पर विस्तार से जानकारी प्राप्त कर सम्बन्धित अधिकारियों को निराकरण करने के निर्देश दिये।

बैठक में आयुक्त नगर निगम आशीष पाठक, एमपीआईडीसी के प्रबंधक राजेश राठौर, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक अतुल वाजपेयी, एमपीईबी के अधीक्षण यंत्री, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष मालवीय, प्रभारी तहसीलदार नजूल आलोक चौरे आदि उपस्थित थे।

Share to...