October 5, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Badarwas Mandi Theft: चोरों ने तोड़े अलमारियों के ताले और शासकीय दस्तावेज किए खुर्दबुर्द, पुलिस जांच में जुटी

शिवपुरी जिले की बदरवास कृषि उपज मंडी समिति के कार्यालय में 2-3 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने धावा बोल दिया। हैरानी की बात यह है कि चोर इस बार नकदी चुराने नहीं, बल्कि अपने गुनाह के सबूत मिटाने के इरादे से मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरों का 16 चैनल का डीवीआर (DVR) और 32 इंच की एलइडी (LED) ही उखाड़कर अपने साथ ले गए।

🔓 मुख्य गेट और लेखा शाखा का ताला तोड़ा: लोहे की अलमारियां तोड़कर शासकीय दस्तावेज किए खुर्दबुर्द

मंडी सचिव ने बदरवास थाने को घटना की सूचना देते हुए बताया कि बदमाशों ने सबसे पहले मंडी के मुख्य गेट के चैनल का ताला तोड़ा। इसके बाद अंदर घुसकर प्रांगण और ऑफिस के सीसीटीवी सिस्टम को निशाना बनाया। इतना ही नहीं, बदमाशों ने लेखा शाखा (Accounts Branch) के कक्ष का ताला तोड़कर वहां रखी दो भारी लोहे की अलमारियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और शासकीय दस्तावेजों को खुर्दबुर्द करने के साथ-साथ कार्यालय की सामग्री में भारी तोड़फोड़ की।

🌅 सुबह ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी को चला पता: नाइट शिफ्ट में कैसे सोता रहा स्टाफ?

इस सनसनीखेज घटना का खुलासा तब हुआ जब शनिवार सुबह रात्रिकालीन ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी आकाश वाल्मिक ने कार्यालय का ताला टूटा हुआ देखा। मंडी प्रशासन ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस पूरी घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब रात में मंडी परिसर में कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद था, तो फिर चोर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर आसानी से कैसे फरार हो गए और किसी को कानों-कान खबर तक क्यों नहीं हुई।

Share to...