April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

निगम परिषद के बजट सम्मेलन में वंदे मातरम को लेकर जोरदार हंगामा, कांग्रेस की मुस्लिम पार्षदों पर वंदे मातरम के अपमान का आरोप, जमकर हुई नारेबाजी

इंदौर: इंदौर नगर निगम परिषद के बजट सम्मेलन में आज वंदे मातरम को लेकर जोरदार हंगामा देखने को मिला। बीजेपी ने कांग्रेस की मुस्लिम पार्षदों पर वंदे मातरम का अपमान करने का आरोप लगाया, जिसके बाद सदन का माहौल गरमा गया और नारेबाजी शुरू हो गई।

दरअसल, बजट सम्मेलन के दौरान कांग्रेस की पार्षद रुबीना इकबाल खान और फौजिया शेख अलीम पर बीजेपी पार्षदों ने वंदे मातरम का अपमान करने का आरोप लगाया। इसी बीच बहस इतनी बढ़ गई कि कांग्रेस पार्षद रुबीना इकबाल खान ने सदन में तीखी टिप्पणी करते हुए कहा – “तुम्हारे बाप में दम हो तो कहलवाकर बता दो।”

इस बयान के बाद बीजेपी पार्षदों ने सदन में जोर-जोर से वंदे मातरम के नारे लगाना शुरू कर दिया, जिससे माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया। हंगामे के बीच सभापति को हस्तक्षेप करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए सभापति ने कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख अलीम को एक दिन के लिए सदन की कार्यवाही से बाहर कर दिया।

वही इस मामले को लेकर फौजिया शेख अलीम कांग्रेस पार्षद का कहना है कि
“भारत के संविधान से यह मेल नहीं खाता कि हम जबरदस्ती वंदे मातरम गाएं या जय श्री राम बोलें। संविधान हमें आजादी देता है कि हम राष्ट्रगान गा सकते हैं, लेकिन गीत गाना अनिवार्य नहीं है। कुछ लोग भारत माता की पूजा करते हैं, लेकिन हम पूजा नहीं करते।”

फौजिया शेख अलीम के इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है। बीजेपी इस पूरे मामले को राष्ट्र सम्मान से जोड़कर कांग्रेस पर निशाना साध रही है, वहीं कांग्रेस इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का मामला बता रही है।

फिलहाल, नगर निगम का बजट सत्र इस विवाद के चलते काफी हंगामेदार बना हुआ है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीति और गरमाने के आसार हैं।

Share to...