August 22, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Kashi Vishwanath Sawan Yatra: सावन के 20 दिनों में 56 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन, टूटे रिकॉर्ड

पवित्र श्रावण मास में बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में आस्था का अद्भूत जनसैलाब उमड़ रहा है. सावन के शुरुआती 20 दिनों में ही श्री काशी विश्वनाथ धाम में हाजिरी लगाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या करीब 56 लाख के आंकड़े को पार कर गई है. बाबा विश्वनाथ के दर्शन के मामले में काशी ने देश के कई प्रमुख ज्योतिर्लिंगों को पीछे छोड़ दिया है.

सावन के दौरान देश के बारह ज्योतिर्लिंगों में शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है. श्री महाकालेश्वर (उज्जैन) में 77.50 लाख (सर्वाधिक), श्री काशी विश्वनाथ (वाराणसी) में 56 लाख, बाबा वैद्यनाथ धाम (देवघर) में 45 लाख, ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में 28 लाख, सोमनाथ मंदिर (गुजरात) में 16 लाख और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग में 12 लाख श्रद्धालुओं ने अब तक दर्शन किए.

सोमवार को 5.5 लाख, सामान्य दिनों में 2 लाख से अधिक दर्शनार्थी

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) विश्व भूषण मिश्रा ने बताया कि मंदिर प्रशासन एक सुव्यवस्थित SOP (मानक संचालन प्रक्रिया) के तहत श्रद्धालुओं को सुलभ दर्शन करा रहा है. सावन के सोमवार पर औसतन 5.5 लाख श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं. सामान्य दिनों में रोजाना औसत 2 लाख से अधिक भक्त दरबार में पहुंच रहे हैं. सावन के शेष बचे 9 दिनों में कुल श्रद्धालुओं का आंकड़ा 80 लाख तक पहुंचने का अनुमान है.

सुरक्षा, चिकित्सा और रुद्राभिषेक के विशेष प्रबंध

श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए वाराणसी जिला प्रशासन और मंदिर न्यास ने अतिरिक्त तैयारियां शुरू कर दी हैं. धूप और गर्मी से बचाव के लिए जर्मन हैंगर, लगातार शीतल पेयजल, मैट और चिकित्सीय दल तैनात किए गए हैं.

दर्शनार्थियों की संख्या के साथ-साथ धार्मिक अनुष्ठान कराने वाले भक्तों का आंकड़ा भी बढ़ा है. मंदिर प्रशासन के मुताबिक, 20 अगस्त तक 8,300 से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ का विधिवत रुद्राभिषेक संपन्न कराया है.

Share to...