August 17, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Watery Eyes Causes and Treatment: आंखों से बार-बार पानी क्यों आता है? जानें मुख्य कारण और डॉक्टर को कब दिखाएं

कई लोगों को अक्सर आंखों से पानी आने की समस्या होती है. आंखों से पानी आना कभी धूल, धुआं, तेज रोशनी या आंखों में कुछ चले जाने की वजह से हो सकता है. ठंडी हवा या तेज हवा लगने पर भी आंखों से पानी आ सकता है. कई बार आंखों में जलन या थकान के कारण भी ऐसा होता है. ऐसी स्थिति में पानी आना आंखों का खुद को साफ रखने का एक तरीका हो सकता है.

अगर आंखों से बार-बार या लगातार पानी आता है, तो इसके पीछे कोई दूसरी वजह भी हो सकती है. ऐसे में बार-बार आंखों से पानी आने को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. समय रहते कारण का पता लगाने से सही देखभाल और इलाज में मदद मिल सकती है. आइए जानते हैं आंखों से पानी आने की क्या वजह हो सकती है और कब डॉक्टर से मिलना जरूरी है.

आंखों से बार-बार पानी आने की क्या वजह हो सकती है?

हेल्थलाइन के मुताबिक,आंखों से बार-बार पानी आने की एक बड़ी वजह ड्राई आई सिंड्रोम हो सकती है. आंखों में पर्याप्त नमी न होने पर जलन होती है और इसके जवाब में आंखें ज्यादा आंसू बनाने लगती हैं. एलर्जी, साइनस की परेशानी और आंखों में इंफेक्शन भी ज्यादा आंसू आने का कारण बन सकते हैं.

इसके अलावा पलकों में सूजन, पलक का अंदर या बाहर की ओर मुड़ना और पलक का बाल आंख में चुभना भी इसकी वजह हो सकता है. कुछ लोगों में आंसू निकालने वाली नली बंद होने के कारण आंसू ठीक से बाहर नहीं निकल पाते और आंखों से बहने लगते हैं. आंख में चोट लगने, किसी दवा के असर या कुछ मेडिकल ट्रीटमेंट के दौरान भी यह समस्या हो सकती है.

आंखों से पानी आने पर कब डॉक्टर से मिलना जरूरी है?

अगर आंखों से पानी आने की समस्या बार-बार हो रही है या कई दिनों तक बनी रहती है, तो आंखों के डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है. पानी आने के साथ आंखों में तेज दर्द, ज्यादा लालिमा, सूजन, धुंधला दिखाई देना या रोशनी से परेशानी हो, तो इसे नजरअंदाज न करें.

आंख में चोट लगने के बाद लगातार पानी आना भी जांच की जरूरत बताता है. अगर आंख से पानी के साथ ज्यादा चिपचिपा पदार्थ निकल रहा है या आंख खोलने में परेशानी हो रही है, तो भी डॉक्टर से संपर्क करें. बिना सलाह के आंखों में कोई ड्रॉप या दवा डालने से बचें.

Share to...