जम्मू कश्मीर: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के डच्छन इलाके से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। आज शनिवार सुबह डांगदरू से साउंडर की ओर जा रही एक महिंद्रा स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और सीधे उफनती चिनाब नदी में समा गई। इस खौफनाक हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और स्थानीय प्रशासन राहत व बचाव कार्य में जुट गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह भीषण दुर्घटना सुबह लगभग 10:30 से 10:45 बजे के बीच डच्छन के टेंडर नाला (यैनवान, डांगदरू के पास) इलाके में घटी। महिंद्रा स्कॉर्पियो कार (रजिस्ट्रेशन नंबर HR29AG-0648) डांगदरू से साउंडर की तरफ जा रही थी। यैनवान के पास अचानक चालक कार पर से नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन सड़क से फिसलकर काफी गहरी खाई में लुढ़कता हुआ चिनाब नदी के तेज बहाव में गिर गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही डच्छन पुलिस थाने की टीम और स्थानीय ग्रामीण बिना गंवाए मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत व बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद बचाव दल ने अब तक 5 लोगों के शवों को बाहर निकाल लिया है। हादसे के वक्त वाहन में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी अभी तक आधिकारिक तौर पर पूरी तरह से पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच के साथ-साथ कार में सवार सभी यात्रियों की सही संख्या और मृतकों की शिनाख्त (पहचान) करने में जुटी हुई है।

More Stories
स्वातंत्रता दिवस के अवसर पर शासन की रिहाई नीति के तहत प्रदेश की जेलों से 115 बंदी रिहा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री निवास में पुलिस और होमगार्ड्स के 47 अधिकारियों-कर्मचारियों को पदक से किया सम्मानित
प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले पर फहराया तिरंगा, लाल किले की प्राचीर से किया बड़ा ऐलान