May 10, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

ग्राम सनावदिया में संचालित अवैध एसिड फैक्ट्री सील, असुरक्षित तरीके से हो रही थी एसिड पैकेजिंग

इंदौर: कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशानुसार बिचौली अनुभाग के एसडीएम अजय भूषण शुक्ला द्वारा ग्राम सनावदिया में संचालित अवैध एसिड फैक्ट्री के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसे सील किया गया। कार्रवाई के लिए राजस्व विभाग की टीम मौके पर भेजी गई।

कार्यपालिक नायब तहसीलदार दयाराम निगम, आरआई कैलाश चौधरी, पटवारी बालेश्वर चौधरी सहित राजस्व टीम द्वारा ग्राम सनावदिया स्थित भूमि सर्वे नंबर 631/2/1 रकबा 0.009 हेक्टेयर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान भूमि स्वामी ईदरिश पिता इनायत पटेल की भूमि पर किराये से संचालित एसिड पैकिंग यूनिट पाई गई, जिसका संचालन अजय चौरसिया पिता राम चौरसिया द्वारा किया जा रहा था।

निरीक्षण में पाया गया कि यूनिट में अत्यंत असुरक्षित तरीके से एसिड की पैकेजिंग की जा रही थी, जिससे आसपास के क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों के जीवन एवं सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था। सुरक्षा मानकों की अनदेखी को देखते हुए प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए यूनिट को सील कर बंद कराया गया।

राजस्व टीम द्वारा मौके पर पंचनामा तैयार कर प्रतिवेदन भी बनाया गया तथा संबंधित प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

Share to...