May 1, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

कबीरखेड़ी में 120 MLD सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम तेज, महापौर भार्गव ने किया निरीक्षण

इंदौर: शहर को स्वच्छ, टिकाऊ और भविष्य के लिए तैयार बनाने की दिशा में महापौर पुष्यमित्र भार्गवके निर्देशन में इंदौर नगर निगम एक और महत्वपूर्ण कदम तेजी से आगे बढ़ा रहा है। इसी क्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कबीरखेड़ी स्थित निर्माणाधीन 120 एमएलडी क्षमता के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

महापौर भार्गव ने कहा कि इंदौर को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के लिए एक समग्र दृष्टि पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जहां एक ओर नर्मदा परियोजना के चौथे चरण का कार्य प्रारंभ हो चुका है, वहीं शहर को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए जलूद में सोलर प्लांट भी शुरू किया गया है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि इन योजनाओं के साथ-साथ सीवरेज ट्रीटमेंट का कार्य भी उतना ही महत्वपूर्ण है। बढ़ती जनसंख्या और शहरी विस्तार को देखते हुए सीवरेज प्रबंधन को सुदृढ़ करना आवश्यक हो गया है। इसी दृष्टि से कबीरखेड़ी में 120 एमएलडी क्षमता का यह प्लांट तेजी से तैयार किया जा रहा है।

महापौर ने जानकारी दी कि यह परियोजना निर्धारित समयसीमा के अनुसार मार्च 2027 तक पूर्ण कर ली जाएगी। साथ ही, शहर की बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए सीवरेज ट्रीटमेंट क्षमता को और बढ़ाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जिस विज़न और संकल्प के साथ इस परियोजना की शुरुआत की गई थी, वह अब धरातल पर तेजी से साकार हो रहा है। यह प्लांट न केवल स्वच्छता को नई मजबूती देगा, बल्कि इंदौर को पर्यावरण संरक्षण और जल प्रबंधन के क्षेत्र में भी एक नई पहचान दिलाएगा।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ जल कार्य एवं ड्रेनेज प्रभारी अभिषेक बबलू शर्मा, अपर आयुक्त आशीष पाठक सहित निगम के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Share to...