April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल ने द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोच पर लगाया उत्पीड़न का आरोप, नीरज चोपड़ा ने भी किया समर्थन

नई दिल्ली: पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) को दी गई एक शिकायत में द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोच नवल सिंह पर मानसिक उत्पीड़न और मौखिक दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है और ओलंपिक सुपरस्टार नीरज चोपड़ा ने भी उनका समर्थन किया है।

साइ ने शिकायत मिलने की बात स्वीकार की, लेकिन कहा कि नवल उसके कर्मचारी नहीं है बल्कि उन्हें भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने ‘राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के हिस्से के तौर पर एक अन्य शीर्ष एथलीट को प्रशिक्षण देने के लिए’ नियुक्त किया था।

नवल को 2015 में द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया था, वह फिलहाल सचिन यादव को प्रशिक्षण दे रहे हैं। सचिन ने पिछले साल विश्व चैंपियनशिप में दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज को पीछे छोड़ते हुए चौथा स्थान हासिल किया था। चोट से जूझ रहे नीरज उस बड़े टूर्नामेंट में आठवें स्थान पर रहे थे। टोक्यो 2020 और पेरिस 2024 खेलों के स्वर्ण पदक विजेता अंतिल ने यह भी आरोप लगाया कि नवल ‘शायद मानसिक रूप से अस्थिर’ है और वह उनके और नीरज चोपड़ा जैसे शीर्ष खिलाड़ियों को परेशान करने की कोशिश कर रहे हैं। नवल ने पैरा-एथलीटों के साथ भी काफी काम किया है।

अंतिल ने बताया, ‘उन्होंने (नवल सिंह ने) हमारा मानसिक उत्पीड़न किया और हमारे परिवारों (यानी मेरे और नीरज के परिवार) के साथ दुर्व्यवहार किया। वह मानसिक रूप से अस्थिर लगते हैं।’ 2028 लॉस एंजिल्स पैरालंपिक में एफ 64 वर्ग (पैर का अंग विच्छेदन) में भारत के सबसे मजबूत स्वर्ण पदक दावेदारों में से एक अंतिल ने कहा, ‘वह (नवल) जान-बूझकर अपने अपमानजनक बयानों की रिकॉर्डिंग हमारे (टीम) प्रबंधकों के साथ साझा करता था, ताकि वे हम तक पहुंच सकें।’

इसके जवाब में साइ के एक सूत्र ने कहा कि इस मामले को महासंघ के साथ उचित तरीके से उठाया जा रहा है। सूत्र ने कहा,’पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल से एक शिकायत मिली है जिसमें कोच नवल सिंह पर मौखिक दुर्व्यवहार का आरोप लगाया गया है। इस शिकायत का समर्थन नीरज चोपड़ा सहित अन्य एथलीटों ने भी किया है। संबंधित कोच साइ का कर्मचारी नहीं है और वह एएफआई द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के हिस्से के तौर पर एक अन्य शीर्ष एथलीट को प्रशिक्षण दे रहा है।’

2023 से 2025 तक तीन बार के विश्व चैंपियन रहे अंतिल ने बताया कि उन्होंने अपनी शिकायत साइ को भेजी थी जिसे नीरज चोपड़ा और उनके साथी पैरा-भाला फेंक खिलाड़ियों नवदीप सिंह और संदीप चौधरी ने भी समर्थन दिया। अंतिल ने कहा, ”हमने साइ महानिदेशक (हरि रंजन राव) और टॉप्स (टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम) मुख्य कार्यकारी अधिकारी से शिकायत किए हुए एक हफ्ता हो गया है। टॉप्स के सीईओ (एन एस जोहल) चाहते थे कि पहली सुनवाई में ही हम समझौता कर लें। हमने काफी समय तक इस मामले को नजरअंदाज किया, लेकिन जब बात हद से ज्यादा बढ़ गई तो हमने शिकायत करने का फैसला किया। मैंने शिकायत दर्ज कराई और नीरज भाई, नवदीप सिंह और संदीप चौधरी ने इसका समर्थन किया।’

उन्होंने शिकायत दर्ज होने के बाद साइ की चुप्पी पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा,’बात यह है कि अगर हमारे जैसे बड़े खिलाड़ियों की बात नहीं सुनी जाती तो दूसरे लोग क्या उम्मीद कर सकते हैं? शिकायत मिलने की पुष्टि भी अब तक नहीं मिली है। और मुझे यह समझ नहीं आ रहा कि यह कोच ऐसा क्यों कर रहा है। शायद वह चाहता है कि सचिन यादव, नीरज भाई को हरा दे क्योंकि वह उसी के साथ ट्रेनिंग करता है।’

Share to...