April 22, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

बाबा महाकाल को सजा फूलों का सेहरा, दूल्हा स्वरूप में दिए दर्शन, उमड़े भक्त

उज्जैन(डॉ हीना तिवारी): विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन पर्व के उपरांत बाबा महाकाल आज दूल्हा स्वरूप में सजे नजर आए। चार प्रहर की पूजा-अभिषेक और रात्रि भर चले विशेष अनुष्ठानों के बाद प्रातः भगवान को भव्य सेहरा अर्पित किया गया।

मंदिर के पुजारियों ने पंचामृत से अभिषेक कर भगवान का विशेष शृंगार किया। दूध, दही, घी, शहद, खांडसारी शक्कर, गंगाजल, गुलाब जल, भांग और केसर मिश्रित दूध से अभिषेक संपन्न हुआ। इसके पश्चात नवीन वस्त्र धारण कराकर सप्तधान्य—चावल, मूंग, तिल, गेहूं, जौ, साल और उड़द—अर्पित किए गए।

करीब तीन क्विंटल फूलों से सजे पुष्प मुकुट यानी सेहरा ने भक्तों का मन मोह लिया। चंद्र मुकुट, छत्र और त्रिपुंड से अलंकृत भगवान महाकाल के दर्शनों के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। सेहरा आरती के बाद विभिन्न मिष्ठान्न और पंचमेवा का भोग अर्पित किया गया।

आज दोपहर 12 बजे वर्ष में एक बार होने वाली भस्म आरती में भी हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। पंचमुखारविंद दर्शन के साथ महाशिवरात्रि महापर्व का भव्य समापन होगा।

बाबा के महाकाल के दर्शन के लिए दूर दूर से श्रद्धालुओं का आने का सिलसिला लगातार जारी हैं और हर भक्त बाबा के दर्शन कर धन्य लाभ ले रहा हैं।

Share to...