April 28, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

मालवीय नगर मास्टर प्लान सड़क का महापौर भार्गव ने किया निरीक्षण, मई तक पूर्णता का लक्ष्य

इंदौर: तेजी से विकसित हो रहे शहर इंदौर में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में नगर निगम लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने विधानसभा क्षेत्र दो के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 30 स्थित मालवीय नगर की मास्टर प्लान सड़क का स्थल निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

महापौर ने निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण की गुणवत्ता, कार्य गति और तकनीकी पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि मालवीय नगर मास्टर प्लान सड़क का कार्य आगामी मई माह तक हर हाल में पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुगम, सुरक्षित और आधुनिक यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके।

विकासशील शहर की सोच को रेखांकित करते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद भी किया। नागरिकों द्वारा रखे गए सुझावों और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुविधा को प्राथमिकता में रखते हुए कार्यों को और अधिक गति दी जाए।

महापौर ने कहा कि इंदौर केवल वर्तमान की जरूरतों के लिए नहीं, बल्कि भविष्य के स्मार्ट और विकसित शहर के रूप में तैयार किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सड़क अकेली परियोजना नहीं है, बल्कि मास्टर प्लान के अंतर्गत निर्माणाधीन सभी सड़कों के कार्यों में तेजी लाई जाएगी, ताकि शहरवासियों को बेहतर शहरी ढांचा, सुगम आवागमन और आधुनिक सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने दो टूक कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। नगर निगम का लक्ष्य इंदौर को एक सुव्यवस्थित, सुगम और आदर्श विकासशील शहर के रूप में स्थापित करना है।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, एमआईसी सदस्य राजेंद्र राठौर, संबंधित विभागों के अधिकारी, स्थानीय पार्षद एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Share to...