नई दिल्ली: नए साल के मौके पर देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम ने अपने करोड़ों पॉलिसीधारकों को एक बड़ी सौगात दी है। दरअसल, एलआईसी ने लैप्स हो चुकी पॉलिसीज को फिर से चालू करने के लिए एक स्पेशल रिवाइवल कैंपेन (LIC Special Revival Campaign) चलाया है।
सबसे बड़ी बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने शुक्रवार को बंद हो चुकी व्यक्तिगत पॉलिसियों को फिर से चालू करने के लिए दो महीने का विशेष अभियान शुरू करने की घोषणा की।
यह विशेष अभियान एक जनवरी से दो मार्च, 2026 तक चलाया जाएगा और इसमें सभी नॉन-लिंक्ड पॉलिसियां शामिल होंगी। इसके तहत विलंब शुल्क में आकर्षक रियायत दी जा रही है।
एलआईसी ने एक बयान में कहा कि फिर से चालू करने योग्य सभी नॉन-लिंक्ड बीमा योजनाओं पर विलंब शुल्क में 30 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। यह छूट अधिकतम 5,000 रुपये तक होगी।
कंपनी ने कहा कि सूक्ष्म बीमा पॉलिसियों के लिए विलंब शुल्क पर 100 प्रतिशत की छूट दी जा रही है, ताकि जोखिम कवर को फिर से बहाल किया जा सके। बयान में कहा गया कि जो पॉलिसी प्रीमियम भुगतान अवधि के दौरान बंद हो गई हैं, और जिनकी अवधि पूरी नहीं हुई है, उन्हें इस अभियान के तहत फिर से चालू किया जा सकता है। इसमें चिकित्सा अथवा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं पर कोई रियायत नहीं दी जाएगी।
एलआईसी ने कहा कि यह अभियान उन पॉलिसीधारकों को लाभ देने के लिए शुरू किया गया है, जो किसी प्रतिकूल परिस्थिति के कारण समय पर प्रीमियम का भुगतान नहीं कर पाए थे। कंपनी ने कहा कि पूर्ण बीमा लाभ प्राप्त करने के लिए पॉलिसियों को प्रभावी बनाए रखना आवश्यक है।
पुरानी पॉलिसी को फिर से शुरू करना और इंश्योरेंस कवर को बहाल करने की हमेशा सलाह दी जाती है। LIC अपने पॉलिसीधारकों और उनके परिवार के सदस्यों की भलाई के लिए सुरक्षित रहने की उनकी इच्छा को महत्व देता है। यह अभियान LIC के पॉलिसीधारकों को अपनी पॉलिसी को फिर से शुरू करने और अपने प्रियजनों के लिए वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करने का एक अच्छा अवसर देता है।

More Stories
मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई, SIT–STF ने भोपाल में सक्रिय नेटवर्क का किया पर्दाफाश
जबलपुर में सनसनीखेज वारदात, सिविल इंजीनियर को दिनदहाड़े मारी गोली, हालत गंभीर
मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने कई वाहनों को मारी टक्कर, लगी आग, 11 लोगों की जलकर मौत