नईदिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय 5 देशों की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस कड़ी में वह त्रिनिदाद और टोबैगो की यात्रा पर पोर्ट ऑफ स्पेन पहुंचे। यहां पर पीएम मोदी का पारंपरिक अंदाज में शानदार और बेहद अलग तरीके से स्वागत हुआ।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को त्रिनिदाद एवं टोबैगो के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें 4 जुलाई को राष्ट्रपति भवन, पोर्ट ऑफ स्पेन में आयोजित एक भव्य समारोह में दिया गया।
इस सम्मान के साथ, मोदी त्रिनिदाद एवं टोबैगो के इतिहास में ऐसे पहले विदेशी नेता बन गए हैं जिन्हें यह सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार मिला है। यह प्रधानमंत्री मोदी को किसी देश द्वारा प्रदान किया गया 25वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है, जो उनके वैश्विक नेतृत्व और अंतरराष्ट्रीय संबंधों में मजबूत छवि को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री मोदी को यह पुरस्कार उनके नेतृत्व, ‘ग्लोबल साउथ’ के प्रति प्रतिबद्धता, और भारत-त्रिनिदाद एवं टोबैगो के बीच संबंधों को मजबूत करने में असाधारण योगदान के लिए दिया गया।
राष्ट्रपति क्रिस्टीन कार्ला कंगालू ने उन्हें सम्मानित करते हुए कहा: ‘यह सम्मान त्रिनिदाद एवं टोबैगो के प्रति आपके सहयोग, करुणा और उदारता के लिए है, विशेष रूप से कोविड संकट के दौरान आपके हस्तक्षेप के कारण हमें भारत से 40,000 वैक्सीन की खुराक मिलीं।’
सम्मान प्राप्त करने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि यह सम्मान दोनों देशों के बीच में शाश्वत और गहरी मित्रता का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “मैं त्रिनिदाद और टोबैगो के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित होने के लिए सरकार और लोगों के प्रति आभार व्यक्त करना चाहता हूं। यह सम्मान दोनों देशों के बीच शाश्वत और गहरी दोस्ती का प्रतीक है। 140 करोड़ भारतीयों की ओर से यह पुरस्कार प्राप्त करना उनके लिए सम्मान की बात है।”
त्रिनिदाद की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने भारतीय प्रवासियों के जरिए दोनों देशों के गहरे रिश्तों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि 180 साल पहले भारतीय लोग एक लंबी और मुश्किल यात्रा के बाद इस धरती पर आए और उन्होंने कैरेबियाई और भारतीय संस्कृति को आपस में जोड़ दिया। इतना ही नहीं पीएम मोदी ने त्रिनिदाद एंड टोबैगो की महिला लीडरशिप की भी सराहना की। उन्होंने कहा,”इस देश ने दो शानदार महिला नेताओं को राष्ट्र्पति और प्रधानमंत्री के रूप में चुना है। वह गर्व से अपने आप को भारतीय डायस्पोरा की बेटियां कहती हैं और अपनी विरासत पर गर्व करती हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी 03 से 04 जुलाई तक त्रिनिदाद और टोबैगो की राजकीय यात्रा पर पोर्ट ऑफ स्पेन पहुंचे हैं। वर्ष 1999 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली द्विपक्षीय यात्रा है। हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने मंत्रिमंडल के सदस्यों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। प्रधानमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से स्वागत हुआ। होटल पहुंचने पर भी भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।

More Stories
केदारनाथ मंदिर परिसर में मोबाइल-रील्स पर रोक, मंदिर समिति ने बनाये कड़े नियम
प्रसिद्ध फ़िल्म अभिनेता अनुपम खेर व अभिनेत्री शुभांगी दत्त बाबा महाकाल की भोग आरती में हुए शामिल
अभिनेता अमित भल्ला भस्मारती में हुए शामिल, किए बाबा महाकाल के दर्शन