April 21, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

पीएम मोदी घाना के सर्वोच्च सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से हुए सम्मानित, दोनों देशों में हुए 4 बड़े समझौते

नईदिल्ली: अफ्रीकी देशों के दौरे पर गए पीएम मोदी को घाना में ‘द ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से सम्मानित किया गया। राजधानी अक्करा में एक कार्यक्रम के दौरान देश के राष्ट्रपति महामा ने पीएम मोदी को सम्मानित किया।

इस बड़े सम्मान से नवाजे जाने के बाद पीएम मोदी ने घाना का आभार व्यक्त करते हुए इसे देश के सवा सौ करोड़ वासियों को समर्पित किया है। इस दौरान भारत और घाना में द्विपक्षीय वार्ता के बाद 4 अहम समझौते पर हस्ताक्षर भी हुए।

अफ्रीकी देश घाना का सर्वोच्च सम्मान हासिल करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, “मैं घाना की जनता और सरकार का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने मुझे ‘ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ के अधिकारी की उपाधि से सम्मानित किया। यह सम्मान हमारे युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, उनकी आकांक्षाओं, हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विविधता और भारत व घाना के बीच ऐतिहासिक संबंधों को समर्पित है। यह सम्मान भारत और घाना की मित्रता को और सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास करते रहने की एक ज़िम्मेदारी भी है। भारत हमेशा घाना की जनता के साथ खड़ा रहेगा और एक विश्वसनीय मित्र व विकास साझेदार के रूप में योगदान करता रहेगा।”

पीएम मोदी और घाना के राष्ट्रपति जॉन महामा के बीच बुधवार को व्यापक वार्ता होने के बाद दोनों देशों ने अपने संबंधों को व्यापक साझेदारी के स्तर तक विस्तार दिया। वार्ता के तुरंत बाद पीएम मोदी ने एक बयान में कहा कि दोनों पक्षों ने अगले पांच वर्षों में दोतरफा व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है और भारत घाना की विकास यात्रा में न केवल भागीदार है, बल्कि सह-यात्री भी है।

दोनों नेताओं के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक
पीएम मोदी के पश्चिम अफ्रीकी देश की राजधानी पहुंचने के कुछ घंटे बाद हुई। मोदी पांच देशों की यात्रा के पहले चरण में घाना पहुंचे हैं। दोनों पक्षों ने संस्कृति और पारंपरिक चिकित्सा समेत कई क्षेत्रों में चार समझौतों पर हस्ताक्षर किए।

महामा की मौजूदगी में पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति महामा और मैंने द्विपक्षीय संबंधों को एक व्यापक साझेदारी का दर्जा देने का फैसला किया है। पीएम मोदी ने कहा कि दोनों पक्ष इस बात पर एकमत हैं कि आतंकवाद मानवता का दुश्मन है तथा इस खतरे से निपटने के लिए आपसी सहयोग को और मजबूत करने का निर्णय लिया गया। मोदी ने कहा, “हमने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में घाना के सहयोग के लिए आभार जताया।

घाना के राष्ट्रपति महामा के साथ वार्ता के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, भारत घाना के राष्ट्र निर्माण की यात्रा में सिर्फ साझेदार ही नहीं बल्कि सह-यात्री भी है। उन्होंने कहा, हमने अगले पांच वर्षों में भारत-घाना व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। हम इस बात पर एकमत हैं कि आतंकवाद मानवता का दुश्मन है।

बता दें कि पीएम मोदी नौ जुलाई तक घाना, त्रिनिदाद-टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान छह और सात जुलाई को ब्राजील में 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इससे वैश्विक दक्षिण के देशों से भारत के संबंधों को नया आयाम मिलने की उम्मीद है।

अफ्रीकी धरती से पीएम मोदी ने पूरी दुनिया को दिया संदेश
विदेश नीति को लेकर पीएम मोदी ने कहा, दोनों देश पश्चिम एशिया और यूरोप की स्थिति पर गंभीर रूप से चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि यह युद्ध का युग नहीं है, समस्याओं का समाधान बातचीत और कूटनीति से होना चाहिए।

Share to...