April 24, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

बीएसएफ को लगातार बड़ी सफलता, साईकिल के टायर में छिपाकर रखा करोड़ो का सोना जप्त, तस्कर फरार

नईदिल्ली: भारत-बांग्लादेश की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सोने और नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सीमा सुरक्षा बल ‘बीएसएफ’ ने बड़ा अभियान चला रखा है। बीएसएफ की सतर्कता से तस्कर पकड़े जा रहे हैं या वे करोड़ों रुपये का सोना, ड्रग्स व दूसरा सामान छोड़ कर भाग जाते हैं।

बीएसएफ ने लगातार दूसरे दिन सोने की बड़ी तस्करी को नाकाम कर दिया है। तस्करों ने इस बार 2.31 करोड़ रुपये का सोना, साइकिल के टायरों में छिपाकर रखा था। उत्तर 24 परगना, दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के बीएसएफ जवानों ने सोने को बरामद कर लिया है। इससे पहले 24 जून को भी बीएसएफ की 67 बटालियन के जवानों ने लक्ष्मीपुर सीमा चौकी पर कार्रवाई करते हुए करीब 2.43 करोड़ रुपये का सोना जब्त किया था।

बीएसएफ को लगातार दूसरे दिन यह बड़ी सफलता मिली है। दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के बीएसएफ जवानों ने पश्चिम बंगाल की भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी की कोशिश को नाकाम करते हुए बड़ी मात्रा में सोना बरामद किया है। 59 बटालियन के अंतर्गत सीमा चौकी जीतपुर के सतर्क जवानों ने उत्तर 24 परगना जिले के सीमावर्ती इलाके में कार्रवाई कर 20 सोने के बिस्किट बरामद किए। हालांकि, तस्कर मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। जब्त किए गए सोने का कुल वजन 2.367 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 2,31,22,756.70 आंकी गई है। यह घटना 25 जून की शाम कोजीतपुर सीमा चौकी क्षेत्र में हुई।

जवानों ने वहां पर एक संदिग्ध साइकिल सवार को आते हुए देखा। वह व्यक्ति, सीमा की बाड़ पार कर भारतीय क्षेत्र की तरफ आ रहा था। नियमित सुरक्षा जांच के दौरान बीएसएफ जवानों ने साइकिल के पिछले टायर में एक असामान्य उभार देखा। जवानों को संदेह हुआ तो उन्होंने टायर की गहन जांच शुरू की। तभी साइकिल सवार, मौके से फरार हो गया। वह साइकिल को मौके पर ही छोड़कर काशीपुर गांव की ओर भाग गया। घटना के बाद बीएसएफ के अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। प्रारंभिक तलाशी अभियान शुरू किया गया।

संबंधित एजेंसियों को भी उक्त मामले की जानकारी दी गई। आगे की जांच करने पर साइकिल के पिछले टायर के अंदर से 20 सोने के बिस्किट बरामद किए गए। जब्त किए गए सोने को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए रणघाट सीमा चौकी ले जाया गया।

उल्लेखनीय है कि इससे ठीक एक दिन पहले 24 जून को 67 बटालियन के जवानों ने लक्ष्मीपुर सीमा चौकी पर कार्रवाई करते हुए करीब 2.43 करोड़ रुपये का सोना जब्त किया था।

बीएसएफ दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के जनसंपर्क अधिकारी ने सफल ऑपरेशन की सराहना करते हुए कहा कि बीएसएफ के जवान सीमा पर तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों को रोकने में पूरी तरह सक्षम, सतर्क और समर्पित हैं। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों के निवासियों से अपील की है कि वे सोने की तस्करी से संबंधित किसी भी जानकारी की सूचना बीएसएफ की ‘सीमा साथी’ हेल्पलाइन 14419 पर या 9903472227 पर व्हाट्सएप पर संदेश या वॉयस मैसेज भेजकर दें। उन्होंने आश्वासन दिया कि विश्वसनीय जानकारी के लिए उचित पुरस्कार दिए जाएंगे और सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Share to...