उत्तराखंड: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग के गौरीकुंड क्षेत्र में बड़ा हादसा हुआ है। रविवार को सुबह-सुबह केदारनाथ रूट पर हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हेलिकॉप्टर में कुल सात लोग सवार थे। दर्दनाक हादसे में सातों लोगों की मौत हो गई, मृतकों में 23 महीने का बच्चा भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह आर्यन कंपनी का हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। गौरीकुंड क्षेत्र में यह हादसा हुआ है। घटना सुबह 5.30 बजे की बताई जा रही है। हेलिकॉप्टर के क्रैश होने की वजह खराब मौसम बताई जा रही है।
हेलिकॉप्टर नोडल अधिकारी राहुल चौबे और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने हेलिकॉप्टर के क्रैश होने की पुष्टि की है। गौरीकुंड के ऊपर घास काट रही नेपाली मूल की महिलाओं ने हेलिकॉप्टर क्रैश होने की सूचना दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दर्दनाक हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है। एक दंपती और उनका 23 महीने का बच्चा भी शामिल है, मृतक जायसवाल परिवार महाराष्ट्र का बताया जा रहा है। दो लोग स्थानीय है, विनोद नेगी और विक्रम सिंह रावत शामिल हैं। विक्रम सिंह रावत बीकेटीसी के कर्मचारी थे।
मृतकों में राजकुमार जायसवाल, श्रद्धा जायसवाल, काशी जायसवाल, तुष्टि सिंह, विनोद, विक्रम सिंह और कैप्टन राजीव शामिल हैं। शवों के बुरी तरह से जले होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि हेलिकॉप्टर गौरी माई खर्क से ऊपर जंगल में गिरा है।
हेलिकॉप्टर हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जनपद रुद्रप्रयाग में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन एवं अन्य रेस्क्यू दल राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हैं। बाबा केदार से सभी यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।
हेलिकॉप्टर नोडल अधिकारी राहुल चौबे और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि नेपाली मूल की महिलाओं ने हादसा होने की सूचना दी थी। हादसे के समय वे गौरीकुंड के ऊपर घास काट रही थीं कि उन्होंने हादसा होते देखा और तुरंत पुलिस को फोन करके बताया। हादसे में जान गंवाने वालों में एक बच्ची भी बताई जा रही है। गौरी माई खर्क से ऊपर जंगल में हेलीकॉप्टर गिरा है। मलबा बरामद कर लिया गया है। शवों को भी मलबे से निकाल लिया गया है। हेलीकॉप्टर हादसे में BKTC के कर्मचारी विक्रम सिंह रावत की भी मौत होने की खबर है।
जानकारी के मुताबिक सुबह पांच बजकर 17 मिनट पर आर्यन कंपनी द्वारा हेलिकॉप्टर द्वारा 6 श्रद्धालुओं को लेकर केदारनाथ हेलीपैड से गुप्तकाशी हेलीपैड के लिए टेकऑफ किया गया। रास्ते में मौसम खराब होने के कारण हेलिकॉप्टर द्वारा अन्य स्थान पर हार्ड लैंडिंग करने से हेलीकाप्टर क्षतिग्रस्त हुआ।
वही हेलीकॉप्टर क्रैश की घटना के बाद एक कड़ा फैसला लिया गया है। चार धाम में हेलीकॉप्टर सेवा पर रोक लगाई गई है। यूकाडा और डीजीसीए ने अगले आदेश तक हेलीकॉप्टर सेवा पर रोक लगाई हैं। हेलीकॉप्टर क्रैश के बाद फैसला लिया गया हैं।

More Stories
पारिवारिक संस्कृति व प्रेम, शांति, सद्भावना रथ को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिखाई हरी झण्डी
ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस स्टॉफ अर्जुन कारले एवं आउटसोर्स कर्मी शिवपाल निकुम पुरस्कृत
केदारनाथ मंदिर परिसर में मोबाइल-रील्स पर रोक, मंदिर समिति ने बनाये कड़े नियम