April 27, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

विक्रम विश्वविद्यालय के कृषि अध्ययनशाला के छात्रों ने 5 दिवसीय कार्यशाला में प्राप्त किया मिट्टी जांच का व्यवहारिक प्रशिक्षण

उज्जैन(देवेशराज राय ): उज्जैन के कोठी रोड़ स्थित मिट्टी प्रशिक्षण केंद्र में विगत 15 मई से 21 मई तक हुए 5 दिवसीय मिट्टी प्रशिक्षण कार्यशाला के सफल आयोजन में विक्रम विश्वविद्यालय के कृषि अध्ययनशाला के नौ छात्रों ने सहभागिता की।

कार्यशाला में छात्रों को मिट्टी परीक्षण से संबंधित विविध पहलुओं एवं आधुनिक तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया गया।

सहायक मिट्टी परीक्षण अधिकारी के मार्गदर्शन में कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यशाला के दौरान छात्रों को मिट्टी की जांच की विधियां, सॉयल हेल्थ कार्ड की प्रक्रिया, मिट्टी में मौजूद पोषक तत्वों की मात्रा की जाँच तथा किसी पोषक तत्व की कमी होने की स्थिति में उपयुक्त पोषक तत्व की आपूर्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों संबंधित प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला का संचालन कर रहें सहायक मिट्टी परीक्षण अधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्रों को कृषि क्षेत्र में तकनीकी दक्षता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से सक्षम बनाना था। कार्यशाला के समापन के क्रम में सहायक मिट्टी परीक्षण अधिकारी द्वारा सभी छात्रों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

कृषि अध्ययनशाला के विभागाध्यक्ष ने कहा कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से छात्रों को नवाचार की दिशा में प्रेरणा एवं मार्गदर्शन तथा व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ जो उनके अकादमिक भविष्य के कृषि अनुसंधान कार्यों में सहायक सिद्ध होगा।

छात्रों ने इस अनुभव को अत्यंत उपयोगी बताया और भविष्य में इस प्रकार के और भी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की अपेक्षा जताई।
इस तरह की कार्यशालाएं छात्रों के अकादमिक ज्ञान में वृद्धि करने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में उनके भविष्य को भी सशक्त बनाती है।

यह कार्यशाला छात्रों के व्यावहारिक ज्ञान में वृद्धि करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। प्रतिभागियों में अमन पाण्डेय, अनुराग केशव, आदर्श अवस्थी, अभिजीत कुमार, अवनीश कुमार गिरी, आशुतोष कुमार, आकाश कुमार, बॉबी श्रीवास, प्रेम कुमार शामिल रहे।

Share to...